विज्ञापन

राहुल गांधी के आवास के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, AI समिट में हंगामे का किया विरोध

इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन पर राजनीति गरमा गई है. बीजेपी नेताओं के राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को निशाने पर लिए जाने के बाद कई युवकों ने राहुल के आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया. राहुल के घर के बाहर प्रदर्शन के दौरान नारे लगाए गए. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया.

राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी

राहुल गांधी के आवास के बाहर प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि कांग्रेस के यूथ कार्यकर्ताओं ने एआई समिट में प्रदर्शन करके देश को बदनाम किया है और राहुल गांधी देश को गुमराह कर रहे हैं. प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर भी लहराए गए, जमकर नारेबाजी की गई. लोगों ने राहुल शेम शेम के नारे भी लगाए. मौके पर मौजूद दिल्ली पुलिस के जवानों ने उन्हें रोका और हिरासत में ले लिया. 

समिट में प्रदर्शन करने वाले ये गिरफ्तार

उधर, भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वालों में से चार लोगों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बाकियों की पहचान करके गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. जो चार लोग गिरफ्तार किए गए हैं, उनमें भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, यूथ कांग्रेस के बिहार राज्य सचिव कुंदन यादव, भारतीय युवा कांग्रेस के उत्तर प्रदेश राज्य के उपाध्यक्ष अजय कुमार और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक नरसिम्हा यादव शामिल हैं. 

देखें- इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में टॉपलेस होने वाली युवा कांग्रेस की 'टीम-11' कौन थी? चार की हुई पहचान

पुलिस से भी की थी हाथापाई

जानकारी के मुताबिक, समिट में प्रदर्शन करने वालों ने पुलिस के साथ भी बदसलूकी और हाथापाई की थी. दिल्ली पुलिस इसे एक बड़ी साजिश मानकर जांच कर रही है. एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वालों पर कई गंभीर धाराओं में भी केस दर्ज किया गया है. दिल्ली पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करेगी. 

टीशर्ट कहां छपवाईं,  पता लगा रही पुलिस 

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में प्रदर्शनकारियों ने खुलासा किया कि पहले उनका काली छतरी लेकर भारत मंडपम में प्रदर्शन करने का प्लान था. लेकिन पकड़े जाने के डर से उन्होंने ऐसा नहीं किया. इसके बाद टीशर्ट प्रिंट करवाई गईं ताकि उन्हें जैकेट के अंदर आराम से छिपाकर ले जाया जा सके. अब पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि आखिरकार टीशर्ट कहां से प्रिंट करवाई गईं. 

बीजेपी ने बताया बड़ी साजिश

एआई समिट में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शर्टलेस प्रदर्शन पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी के नेता  संबित पात्रा ने इसे सोची-समझी रणनीति के तहत किया गया प्रदर्शन करार दिया. उन्होंने दावा किया कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि सोची-समझी रणनीति थी. इस पूरे घटनाक्रम की योजना राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की उपस्थिति में, राहुल गांधी के आधिकारिक आवास पर तैयार की गई थी.

देश की इमेज खराब करने का प्रयास

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि जब देश आगे बढ़ता है तो कुछ लोगों को बहुत तकलीफ होती है. उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में बाधा डालना प्रगति को रोकने की कोशिश है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा अनुचित व्यवहार करते हुए आयोजन स्थल पर हंगामा खड़ा करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का प्रयास भी है.

ये भी देखें- राहुल गांधी के घर रची गई AI समिट को बदनाम करने की साजिश... कांग्रेस के शर्ट उतार प्रदर्शन पर BJP का बड़ा हमला
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com