दिल्ली एनसीआर में फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी पड़ने लगी है और अभी से लोगों के पसीने छूटने लगे हैं. एक दिन की बारिश का असर भी मैदानी इलाकों में नहीं दिखाई दे रहा है. दोपहर में तेज धूप में अभी से निकलना मुश्किल लगने लगा है. न्यूनतम तापमान 12-13 डिग्री से बढ़ते हुए 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. जबकि अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री तक पहुंच गया है. इससे होली के पहले ही मौसम का मिजाज बिगड़ता नजर आ रहा है. मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में दिल्ली एनसीआर में आसमान खुला रहने और तेज धूप का संकेत दिया है.
मौसम विभाग का कहना है कि फरवरी में हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभों की संख्या कम रही है और वो उतने ज्यादा सक्रिय भी नहीं रहे हैं. ऐसे में पहाड़ों में कोई बड़ी हलचल अब नहीं देखी जा रही है. ना ही पहाड़ी इलाकों से ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों की ओर आ रही हैं. इसकी बजाय मध्य भारत और पश्चिम भारत के क्षेत्रों से शुष्क हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है. ऐसे में मैदानी इलाकों में अभी से गर्मी देखी जा रही है.

दक्षिण भारत के मौसम की बात करें तो 21-22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में कुछ स्थानों पर भारी बरसात की संभावना है. अलगे सात दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री बढ़ने के आसार हैं. अंडमान निकोबार द्वीप समूह में , तमिलनाडु,केरल और माहे में 21-22 फरवरी को बारिश का अनुमान है. 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ छिटपुट से मध्यम वर्षा की संभावना है. उत्तराखंड में 22 फरवरी को, 23 फरवरी को विदर्भ में और 23-24 फरवरी को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बारिश के आसार हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं