- दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में दो हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई हैं
- इलाके में एक 17 साल के नाबालिग की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई
- इलाके में बदमाशों ने गोलीबारी की जिसमें एक 12 साल का बच्चा घायल हो गया
राजधानी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके से दो दिल दहला देने वाली वारदातें सामने आई हैं. इलाके में एक 17 साल के नाबालिग की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई. इसके अलावा इसी इलाके में फायरिंग में एक 12 साल का बच्चा गोली लगने से घायल हो गया. इन सनसनीखेज वारदातों से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
चाकू गोदकर 17 साल के नाबालिग की हत्या
जानकारी के अनुसार, उस्मानपुर थाना क्षेत्र के गांवड़ी पंजाबी कॉलोनी इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग अभिषेक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई. अभिषेक पर धारदार हथियार से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. मृतक अभिषेक स्थानीय स्कूल में कक्षा 9-बी का छात्र बताया जा रहा है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि इलाके के लोग भी सदमे में हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
फायरिंग में 12 साल का बच्चा घायल
वहीं न्यू उस्मानपुर इलाके में रविवार शाम फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया. जानकारी के अनुसार 4th पुश्ता स्थित एक कैटरर धर्मेंद्र के घर के सामने तीन युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. फायरिंग के दौरान वहां से गुजर रहा 12 वर्षीय एक मासूम लड़का गोली लगने से घायल हो गया. घायल बच्चे को इलाज के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो आरोपियों, प्रांकुर (29) और हर्ष (22) को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से एक देसी रायफल भी बरामद की गई है. पुलिस तीसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. मामले की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी; इस बीच किस राज्य में गर्मी भी सताएगी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं