देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान हैं. वहीं दूसरी ओर बादलों की आवाजाही और आंधी-बारिश ने मौसम का मिजाज बदलना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों में बारिश की संभावना है. देश की राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश और बिहार के मौसम में अगले कुछ दिनों के दौरान बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है. दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में धूल भरी आंधी और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
वहीं, उत्तर प्रदेश की बात करें तो पश्चिमी यूपी में बारिश हो सकती है. जबकि पूर्वी यूपी में हल्की बारिश के आसार हैं. इस दौरान यूपी के कुछ हिस्सों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है.
इसके विपरीत, बिहार में फिलहाल मौसम की मार दूसरी तरह की पड़ने वाली है. राज्य में 3 जून से 7 जून के दौरान भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि, इस बीच 5 और 6 जून को कुछ इलाकों में बादलों की गर्जना और हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल सकती है, लेकिन कुल मिलाकर बिहार के लोगों को इस हफ्ते तीखी गर्मी का सामना करना पड़ेगा.

उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों का हाल
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक मौसम में हलचल तेज है. उत्तराखंड में 1 से 6 जून के दौरान लगातार हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा. जम्मू-कश्मीर में भी इस हफ्ते बारिश की संभावना है. मैदानी इलाकों में पंजाब में मौसम बदलेगा और बारिश होगी, जबकि पंजाब और हरियाणा में तेज आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 1, 2026
मुख्य बिंदु
(i) इस सप्ताह उत्तर-पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में छिटपुट भारी वर्षा और गरज के साथ तूफान आने की संभावना है।
(ii) उत्तर-पश्चिम, मध्य और उससे सटे पूर्वी भारत में 70 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ मध्यम से गंभीर गरज… pic.twitter.com/twKE02PbSq
राजस्थान की बात करें तो अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की पूरी आशंका है. पूरे राज्य में 1 और 2 जून को तेज तूफान का अलर्ट है, जबकि पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है. इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होने की भी आशंका है.
महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश का क्या रहेगा हाल?
मध्य प्रदेश में मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में ओले तक गिर सकते हैं. इसके अलावा एमपी और छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. ओडिशा में भी 1 और 2 जून को भीषण आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-NCR में अब कब आएगी आंधी बारिश, अगले हफ्ते तक के मौसम का अपडेट जान लें
महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अगले 5 से 7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. राहत की बात यह है कि महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे तपिश कम होगी. गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है, जबकि गुजरात में 3 जून के बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आने से मौसम थोड़ा सुहावना होने की उम्मीद है.

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में मानसून के आगमन की आहट के बीच केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अनुमान है. केरल और माहे में रिकॉर्ड तोड़ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और कर्नाटक के आंतरिक इलाकों में भी इस हफ्ते की शुरुआत तेज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ होगी.
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भी अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में 7 जून तक और असम-मेघालय में 4 से 7 जून के बीच भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. हालांकि, बारिश के बावजूद अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में शुरुआती एक-दो दिन उमस भरी गर्मी परेशान करती रहेगी.
यह भी पढ़ें: इंदौर में अचानक बदला मौसम, तेज आंधी-तूफान के चलते दो फ्लाइट की गई डाइवर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं