विज्ञापन

दिल्ली में जुलाई में पड़ी 'सर्दी'! 3 साल में सबसे ठंडा दिन; बारिश से कुछ ही घंटे में 9 डिग्री गिरा पारा

भारी बारिश के कारण राजधानी दिल्ली की रफ्तार मंगलवार को धीमी पड़ गई. कई इलाकों में जाम लगने और जलजमाव की स्थिति बनी. बारिश के कारण तापमान में भी जबरदस्त गिरावट आई.

दिल्ली में जुलाई में पड़ी 'सर्दी'! 3 साल में सबसे ठंडा दिन; बारिश से कुछ ही घंटे में 9 डिग्री गिरा पारा
दिल्ली में मंगलवार को भारी बारिश से तापमान में गिरावट आई.
PTI

गर्मी और उमस से जूझ रही दिल्ली को मंगलवार को जोरदार बारिश ने बड़ी राहत दी. भारी बारिश के कारण दिल्ली की रफ्तार धीमी जरूर पड़ी, सड़कों पर पानी जमा हो गया लेकिन इससे गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली. इस बारिश के कारण मंगलवार इस साल का सबसे ज्यादा बारिश वाला दिन और पिछले तीन सालों में जुलाई का सबसे ठंडा दिन रहा.

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार की तुलना में 9.1 डिग्री कम था. यह 8 जुलाई 2023 के बाद जुलाई में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है. तब 28.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था.

इस बारिश का एक फायदा यह भी हुआ कि दिल्ली वालों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला. बारिश की वजह से शहर की हवा भी साफ रही और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 'संतोषजनक' श्रेणी में बना रहा.

हालांकि, इस बारिश के कारण दिल्ली की रफ्तार धीमी पड़ गई. बाजारों में घुटनों तक पानी भर गया, सड़कों पर पानी जमा हो गया और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं. शहर के कई इलाकों में जलजमाव हुआ और जनजीवन प्रभावित हुआ.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

कहां कितनी बारिश?

मौसम विभाग ने बताया कि शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे के बीच 57.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि दिल्ली के कुछ हिस्सों में इससे भी ज्यादा बारिश हुई. इस दौरान पूसा में सबसे ज्यादा 88.5 मिमी बारिश दर्ज की गई.

सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच लोदी रोड पर 68.8 मिमी बारिश हुई, आयानगर में 51.5 मिमी, राजघाट में 47.2 मिमी, रिज में 40.6 मिमी, मयूर विहार में 36 मिमी, पालम में 27.8 मिमी और नजफगढ़ में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई.

मंगलवार की बारिश के साथ, सफदरजंग में इस महीने 197.1 मिमी बारिश हुई है, जबकि लंबे समय का औसत 192.6 मिमी है. यानी 4.5 मिमी या 2 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है. रिज में अब तक 179.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 65.6 मिमी या लगभग 37 प्रतिशत ज्यादा है.

यह भी पढ़ेंः कल का मौसम : मानसून ने पकड़ी तूफानी रफ्तार, दिल्ली, यूपी से बिहार और बंगाल तक भारी बारिश का अलर्ट

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

आफत भी लेकर आई बारिश

बारिश के कारण राजधानी के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया. MCD, PWD और NDMC को जलजमाव, पेड़ गिरने और बिजली गुल होने से जुड़ी कम से कम 136 शिकायतें मिलीं.

MCD ने बताया कि उसके सेंट्रल कंट्रोल रूम को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच 36 शिकायतें मिलीं, जिनमें जलजमाव की 20 और पेड़ गिरने की 16 शिकायतें शामिल थीं. ये शिकायतें पश्चिम विहार वेस्ट, ओखला फेज II, वसंत कुंज, लक्ष्मी नगर, सफदरजंग एन्क्लेव, दरियागंज, मायापुरी, पंजाबी बाग और रोहिणी व द्वारका के कई इलाकों से आईं.

PWD के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग को जलजमाव की लगभग 60 शिकायतें मिलीं, जिनमें से ज्यादातर का समाधान एक घंटे के भीतर कर दिया गया. पेड़ गिरने से जुड़ी 15 अन्य शिकायतें भी मिलीं और उन्हें हटाने का काम चल रहा था.

वहीं, NDMC ने बताया कि उसे बारिश से जुड़ी 38 शिकायतें मिलीं, जिनमें जलजमाव के 19 मामले, पेड़ गिरने की छह घटनाएं और बिजली गुल होने की 13 शिकायतें शामिल थीं. गोले मार्केट, शाहजहाँ रोड, कृष्णा मेनन मार्ग, गोल्फ लिंक्स, जनपथ, कनॉट प्लेस, लोधी कॉलोनी, सरोजिनी नगर, साउथ एवेन्यू, INA और आस-पास के इलाकों से शिकायतें आईं.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

कोचिंग का बड़ा केंद्र राजेंद्र नगर में सड़कें पानी में डूबी हुई थीं, जिससे 2024 की उस त्रासदी की यादें ताजा हो गईं जब एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बारिश का पानी भरने से सिविल सेवा की तैयारी कर रहे तीन छात्र डूब गए थे. बाढ़ वाले इलाके में कारें, मोटरसाइकिलें और ऑटो-रिक्शा आंशिक रूप से डूबे हुए दिखाई दिए.

सदर बाजार की तंग गलियों में घुटने तक पानी भर गया था. गंदे पानी और तैरते कचरे के कारण स्थानीय लोगों, स्कूली बच्चों और खरीदारों को सड़कों पर पानी से होकर गुजरना पड़ा. कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ. कनॉट प्लेस और उससे सटे जनपथ बाजार में भी भारी जलभराव देखा गया.

यह भी पढ़ेंः पहली तेज बारिश में 'दरिया' बनी दिल्ली, संगम विहार में डूबी बाइकें, नोएडा का भी बुरा हाल, VIDEO

कई जगह लगा लंबा जाम

सोशल मीडिया यूजर्स की पोस्ट के अनुसार, ग्रेटर कैलाश-II से सावित्री सिनेमा, चिराग दिल्ली, हौज खास और आरके पुरम तक, और संगम विहार से खानपुर तक MB रोड के दोनों तरफ भारी ट्रैफिक जाम की सूचना मिली.

PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने X पर मिंटो ब्रिज का एक वीडियो शेयर किया जिसमें बारिश के बावजूद ट्रैफिक चलता हुआ दिख रहा था. उन्होंने कहा कि शहर भर में बारिश जारी रहने के बावजूद, उस रास्ते पर जनजीवन बिना किसी रुकावट के चलता रहा.

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने भी सदर बाजार का एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें घुटने तक पानी भरा हुआ था और स्कूली बच्चे, ऑफिस जाने वाले लोग और खरीदार पानी भरी सड़कों से गुज़रते हुए दिखाई दे रहे थे. 

जलभराव के कारण शंकर विहार के पास NH-8, ज़ाकिर हुसैन रोड, दिल्ली कैंट-नरायणा फ्लाईओवर-मायापुरी स्ट्रेच, ITO, ओल्ड रोहतक रोड, मधुबन चौक-नेताजी सुभाष प्लेस स्ट्रेच, पीरागढ़ी, AIIMS के पास NH-48, दिल्ली-नोएडा रोड, कालिंदी कुंज और विकास मार्ग जैसी मुख्य सड़कों पर भी ट्रैफिक जाम की सूचना मिली.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: PTI

जुलाई में 'ठंडक' का अहसास

भारी बारिश के कारण दिल्ली में जुलाई में ही ठंडक का अहसास हो गया. मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.9 डिग्री कम और पिछले दिन की तुलना में 9.1 डिग्री कम था. 

पालम और लोधी रोड पर तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पालाम में सामान्य से 5.7 डिग्री और लोधी रोड पर 4.4 डिग्री कम तापमान था.

रिज स्टेशन पर अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम था, जबकि अयानगर में तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री कम था.

बारिश के कारण दिल्ली की हवा भी साफ रही. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, इस महीने 11वीं बार दिल्ली की एयर क्वालिटी 'संतोषजनक' श्रेणी में रही, और शाम 4 बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 66 दर्ज किया गया.

बुधवार को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है. अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने महीने के आखिर तक राजधानी में हल्की से मध्यम बारिश का भी अनुमान लगाया है.

यह भी पढ़ेंः बारिश और सांपों के बीच क्या है कनेक्शन, जानें मॉनसून में बाहर क्यों निकलते हैं जहरीले सांप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Weather, Delhi NCR Weather, Delhi Weather Alert IMD, Delhi Rain, IMD Forecast
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com