विज्ञापन

दिल्ली में ISI मॉड्यूल का पर्दाफाश बताता है ऑपरेशन सिंदूर से भी नहीं सुधरा पाकिस्तान, 6 महीने में गिरफ्तारियों की संख्या करती परेशान

दिल्ली में एक बार फिर ISI मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ है. ये पर्दाफाश बता रहा है कि पाकिस्तान ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी नहीं सुधरा है. पिछले कुछ समय में इस तरह की गिरफ्तारियों की संख्या परेशान कर रही है.

दिल्ली में ISI मॉड्यूल का पर्दाफाश बताता है ऑपरेशन सिंदूर से भी नहीं सुधरा पाकिस्तान, 6 महीने में गिरफ्तारियों की संख्या करती परेशान
आतंकी गतिविधियों में शामिल किए गए गिरफ्तार (फाइल फोटो)
  • दिल्ली पुलिस ने ISI के नौ एजेंटों को बड़े आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया
  • गिरफ्तार आतंकवादी दिल्ली, मुंबई और पंजाब के साथ विदेशी भी हैं, जिनका मुंबई अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन भी मिला है
  • सुरक्षा एजेंसियों ने देश के कई हिस्सों में ISI के लिए चल रहे जासूसी और आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
दिल्ली:

दिल्ली पुलिस ने एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को नाकाम कर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के 9 एजेंटों को गिरफ्तार किया है. ये संदिग्ध आतंकी देश की राजधानी को दहलाने की साजिश रच रहे थे. इनका मकसद दिल्ली और मुंबई समेत बड़े शहरों में आतंकी हमला करने का था. गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी दिल्ली, मुंबई और पंजाब से हैं, कुछ लोग विदेशी भी हैं. पकड़े गए लोगों का मुंबई अंडरवर्ल्ड से भी कनेक्शन सामने आया है. सभी गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर भारत में हमला करने की साजिश रच रहे थे.

पकड़े गए संदिग्ध 9 आतंकी देश के पावर प्लांट, न्यूक्लियर प्लांट, बिजली घर, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे. इनमें ज्यादातर वो जगहें हैं, जहां बड़ी संख्या में भीड़ होती है.

Latest and Breaking News on NDTV

ये पहला मामला नहीं है, जब ISI के इशारे पर भारत में, भारत के खिलाफ रची जा रही साजिश का भंडाभोड़ हुआ है. हाल के सालों में और उससे भी पहले भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें बेनकाब किया है और कई आतंकियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा है.

पश्चिम बंगाल: हाल ही में पश्चिम बंगाल में जासूसी का एक बड़ा मामला सामने आया - स्पेशल टास्क फोर्स ने दो लोगों को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया. ये गिरफ्तारियां संदिग्ध राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों और सीमा पार संबंधों की चल रही जांच के तहत की गईं.

पंजाब: पंजाब के पठानकोट के एक निवासी को पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. शुरुआती जांच में पता चला कि चक धारीवाल गांव के रहने वाले बलजीत सिंह ने नेशनल हाईवे-44 पर एक पुल के पास स्थित दुकान पर CCTV कैमरा लगाया था, जिसका कथित मकसद सेना और अर्धसैनिक बलों की गतिविधियों पर नजर रखना था.

अप्रैल 2026

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अंतर-राज्यीय आतंकी, हथियार और जासूसी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया. आरोप है कि इस मॉड्यूल को पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के हैंडलर्स का समर्थन हासिल था. टीम ने एक गुप्त निगरानी नेटवर्क का पर्दाफाश किया, जिसमें पंजाब और राजस्थान के संवेदनशील सैन्य ठिकानों के पास सोलर-पावर्ड CCTV कैमरे लगाए गए थे.

दो कोऑर्डिनेटेड छापों में चलाए गए इस ऑपरेशन के दौरान, 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और प्रतिबंधित संगठन 'बब्बर खालसा इंटरनेशनल' से जुड़ी एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ. जांच में पता चला कि आरोपियों ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे CCTV कैमरों में कम से कम नौ सोलर-पावर्ड SIM कार्ड लगाए थे; विशेष रूप से उन इलाकों में, जहां सेना और अर्धसैनिक बलों की आवाजाही अक्सर होती रहती है, इन स्थानों में पंजाब के कपूरथला, जालंधर, पठानकोट, पटियाला और मोगा; हरियाणा का अंबाला; जम्मू-कश्मीर का कठुआ और राजस्थान के बीकानेर और अलवर शामिल हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

मार्च 2026

गाजियाबाद के कौशांबी में मिली एक रूटीन इंटेलिजेंस इनपुट, हाल के समय के सबसे गंभीर जासूसी मामलों में से एक बन गई. शुरुआत में यह युवाओं का एक ऐसा ग्रुप लगा जो "संदिग्ध गतिविधियों" में शामिल था, लेकिन बाद में पता चला कि यह एक संगठित मॉड्यूल है, जो सीमा पार पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर्स के सीधे निर्देशों पर काम कर रहा था. कम से कम 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, इस नेटवर्क में कई नाबालिग भी शामिल थे.

यह नेटवर्क दिल्ली-जम्मू रेलवे कॉरिडोर के किनारे सोलर-पावर्ड CCTV कैमरे लगाना चाहता था, ताकि उनकी लाइव फीड सीधे पाकिस्तान भेजी जा सके और सेना की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके. दिल्ली कैंटोनमेंट और हरियाणा के सोनीपत में एक-एक कैमरा पहले से ही चालू था. फोरेंसिक टीमें बरामद किए गए कैमरों की जांच कर रही हैं, और शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि पूरे देश में लगभग 50 जगहों को निशाना बनाने की एक बड़ी लिस्ट तैयार की गई थी.

फरवरी 2026

आठ लोगों को तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से गिरफ़्तार किया गया, इन पर आरोप है कि इन्होंने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और बांग्लादेश के आतंकी संगठनों के समर्थन से भारत में एक बड़ी आतंकी साज़िश रचने की योजना बनाई थी. सूत्रों के अनुसार, छह संदिग्धों - जिनकी पहचान मिज़ानुर रहमान, मोहम्मद शबात, उमर, मोहम्मद लिटन, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्ज्वल के रूप में हुई है - उनको तमिलनाडु के तिरुप्पुर ज़िले में कपड़ों के निर्माण की इकाइयों से गिरफ़्तार किया गया, जबकि दो अन्य को पश्चिम बंगाल से गिरफ़्तार किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ़्तार संदिग्धों में एक बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल है.

Latest and Breaking News on NDTV

जनवरी 2026

जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के सांबा ज़िले के एक 15 साल के लड़के को कथित तौर पर भारतीय सेना के ठिकानों और सुरक्षा प्रतिष्ठानों के बारे में संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी, इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) और पाकिस्तान में बैठे आतंकी आकाओं के साथ साझा करने के आरोप में हिरासत में लिया. विश्वसनीय खुफिया इनपुट पर कार्रवाई करते हुए, पंजाब पुलिस ने इस नाबालिग को माधोपुर इलाके से हिरासत में लिया. पुलिस ने नाबालिग लड़के के मोबाइल फ़ोन की जांच की तो उसमें देश-विरोधी तत्वों और आतंकी आकाओं के संपर्क नंबर पाए गए. पठानकोट के SSP ने बताया कि यह 15 साल का लड़का एक साल से भी ज़्यादा समय से पाकिस्तान में बैठे आतंकी तत्वों के संपर्क में था.

पंजाब: पंजाब पुलिस ने अमृतसर और होशियारपुर से बैन संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के पांच गुर्गों को गिरफ्तार करके दो टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया, पुलिस ने पूरे राज्य से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और RDX-बेस्ड एक्सप्लोसिव भी ज़ब्त किए. होशियारपुर में, पुलिस ने BKI के चार गुर्गों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लगभग 2.5 kg वज़न का RDX-बेस्ड IED और दो पिस्टल बरामद कीं. गिरफ्तार किए गए लोग ISI-सपोर्टेड टेरर नेटवर्क का हिस्सा हैं, जिसे USA-बेस्ड BKI हैंडलर चला रहे थे.

अमृतसर में एक और ऑपरेशन में, पुलिस ने BKI के एक ऑपरेटिव को गिरफ्तार करके एक हमले को टाल दिया. उसके पास से एक हैंड ग्रेनेड, एक एडवांस्ड पिस्टल और गोला-बारूद बरामद किया गया. पंजाब पुलिस ने कहा कि वे सभी अपने विदेश में बैठे हैंडलर के कहने पर काम कर रहे थे.

अप्रैल 2025

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद जासूसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर देशव्यापी कार्रवाई के बीच, कई राज्यों में भारतीय एजेंसियों ने कथित तौर पर पाकिस्तान के लिये जासूसी के आरोप में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा सहित 11 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया.

सत्येंद्र सिवाल (2024)

फरवरी 2024 में उत्तर प्रदेश ATS द्वारा मेरठ में गिरफ्तार किया गया, सिवाल 2021 से मास्को में भारतीय दूतावास में एक भारत-आधारित सुरक्षा सहायक (IBSA) था. कथित तौर पर गोपनीय दस्तावेजों को निकालने के लिए दूतावास में अपने पद का दुरुपयोग किया. एटीएस ने दावा किया कि उसने पैसे के लिए रक्षा मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों की रणनीतिक गतिविधियों के बारे में संवेदनशील जानकारी उपलब्ध कराई.

Latest and Breaking News on NDTV

नवीन पाल (2023)

जुलाई 2023 में गिरफ़्तार किए गए विदेश मंत्रालय के अधिकारी नवीन को कथित तौर पर “अंजलि” नामक एक पाकिस्तानी जासूस ने हनी-ट्रैप में फंसाया और गोपनीय जी20 से संबंधित दस्तावेज़ ISI के गुर्गों को भेजे. इस मामले ने भारतीय अधिकारियों को निशाना बनाने वाली “हनी-ट्रैप” जासूसी रणनीति के इस्तेमाल को रेखांकित किया.

लाभशंकर माहेश्वरी (2023)

अक्टूबर 2023 में, गुजरात एटीएस ने तारापुर शहर से एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया. मूल रूप से एक पाकिस्तानी नागरिक था, जिसने बाद में भारतीय नागरिकता प्राप्त कर ली. उसे पाकिस्तान को संवेदनशील जानकारी भेजने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया.

निशांत अग्रवाल (2018)

ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड के एक पूर्व इंजीनियर, अग्रवाल को 2018 में पाकिस्तान की ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. अग्रवाल ने कथित तौर पर ISI संचालकों को ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली की तकनीकी जानकारी लीक की थी.

बोध राज (2016)

अक्टूबर 2016 में गिरफ्तार किए गए बोध राज के पास से सिम कार्ड और कश्मीर में सैन्य तैनाती को दर्शाने वाले नक्शे मिले थे. कथित तौर पर वह पाकिस्तान के लिए जासूसी गतिविधियों में शामिल था, जिसमें कबूतरों के माध्यम से भेजे गए जासूसी संदेशों को संभालना भी शामिल था.

चार डाक विभाग के अधिकारी (2016)

पोखरण और जैसलमेर के बालोतरा में स्थित चार अधिकारियों को ISI के लिए कथित तौर पर जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. उन पर सेना से संबंधित पत्र और दस्तावेज पाकिस्तानी एजेंट को देने का आरोप था, जिससे सीमा क्षेत्र में सैन्य सुरक्षा को खतरा था.

Latest and Breaking News on NDTV

रंजीत केके (2015)

भटिंडा एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात एक भारतीय वायुसेना के एयरमैन को 2016 में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने ISI समर्थित ऑपरेटिव के साथ गुप्त दस्तावेज़ साझा करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. उसे यह लग रहा था कि (भ्रम) वह ब्रिटेन की एक प्रमुख पत्रिका के साथ ‘रक्षा विश्लेषक' के रूप में काम कर रहा था.

मोहम्मद एजाज उर्फ मोहम्मद कलाम (2015)

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा नवंबर 2015 में मेरठ स्टेशन के पास गिरफ्तार किए गए एजाज पर आईएसआई के लिए जासूसी करने और सैन्य प्रतिष्ठानों के बारे में संवेदनशील जानकारी साझा करने का आरोप था.

इरशाद अंसारी, असफाक अंसारी और मोहम्मद जहांगीर (2015)

इस तिकड़ी को, जिसमें एक ठेका मजदूर और उसके रिश्तेदार शामिल हैं, नवंबर 2015 में कोलकाता में ISI से जुड़ी जासूसी गतिविधियों के लिए गिरफ्तार किया गया था. उन पर संवेदनशील जानकारी देने का आरोप लगाया गया था, जो संभवतः सैन्य या रणनीतिक संपत्तियों से संबंधित थी.

माधुरी गुप्ता (2010)

इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग में एक राजनयिक को अप्रैल 2010 में पाकिस्तान की ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में रॉ द्वारा गिरफ्तार किया गया था. उसने कथित तौर पर 30 वर्षीय ISI ऑपरेटिव के साथ रोमांटिक रिश्ते के लालच में एक पाकिस्तानी हैंडलर को संवेदनशील जानकारी दी थी. 2018 में दोषी ठहराया गया और आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत जेल की सजा सुनाई गई.

राज्यसभा में सरकार का जवाब - 9 मार्च 2016

सरकार ने राज्यसभा में जानकारी दी थी कि 2013 से 2016 (9 मार्च तक) की अवधि के दौरान, कुल 46 पाकिस्तानी जासूसी एजेंटों को गिरफ्तार किया गया.

इसे भी पढ़ें: दिल्ली ISI मॉड्यूल में बड़ा खुलासा-मुंबई का मुन्ना थाई जेल से पहुंचा पाकिस्तान और बन गया आतंकियों का का आका

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की साजिश नाकाम, पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के 9 एजेंट गिरफ्तार, हथियार बरामद

इसे भी पढ़ें: दिल्ली रेड फोर्ट कार बम धमाके में बड़ा खुलासा, NIA ने 7500 पन्नों की चार्जशीट में खोली आतंकी साजिश की परतें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com