- दिल्ली-NCR में तेज आंधी, बिजली कड़कने और बारिश के साथ 20 से 40 KM प्रति घंटे की हवाओं का अलर्ट जारी किया
- मौसम विभाग के अनुसार इस वीकेंड तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी
- 28 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 29 से 31 मार्च के बीच बारिश और गरज-चमक हो सकती है
दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है. कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान देखने को मिला है. धूल भरी आंधी ने सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार को धीमा कर दिया है. मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया था. दिनभर भी दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादल छाये रहे. रात होते-होते मौसम बिल्कुल बदल गया.
कल तक जारी रहेगी बारिश
मौसम विभाग IMD ने बताया कि शाम से रात के दौरान बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आंधी, बिजली कड़कने और 20-30 किमी प्रति घंटे से लेकर 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.
मौसम संबंधी चेतावनी
— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 26, 2026
मुख्य बिंदु
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 27 मार्च तक कहीं-कहीं से लेकर छिटपुट वर्षा/बर्फबारी के साथ गरज-चमक, बिजली और तेज़ हवा चलने की संभावना है, और 28 से 31 मार्च के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह गतिविधि छिटपुट से लेकर काफी व्यापक हो सकती है।… pic.twitter.com/i09ZqHHhU8
इस वीकेंड कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, कल भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इसके बाद 28 मार्च को मौसम साफ रहने की संभावना है, जबकि 29 से 31 मार्च के बीच फिर से आंशिक रूप से बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
IMD के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 3.3 डिग्री ज्यादा है. न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा.
यह भी पढ़ें: आंधी, बारिश और बिजली... मार्च में 5 दिन झमाझम, यूपी, दिल्ली से पंजाब तक मौसम का अजब नजारा
बारिश के बाद दिल्ली को प्रदूषण से मिली राहत
पिछले दिनों भी दिल्ली में अच्छी बारिश देखने को मिली थी. बारिश के बाद दिल्लीवालों को प्रदूषण से भी राहत मिली है. CPCB के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 185 रहा, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है. दिल्ली के आनंद विहार में एक्यूआई 233, बवाना में 221 और चांदनी चौक में 206 दर्ज किया गया है, जो खराब श्रेणी में आता है. इसके अलावा अशोक विहार में 168, अलीपुर में 173 और सीआरआरआई मथुरा रोड पर 171 एक्यूआई दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है. नोएडा की बात करें तो सेक्टर-125 में एक्यूआई 174, सेक्टर-62 में 160 और सेक्टर-116 में 194 दर्ज किया गया है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कण नीचे बैठ जाते हैं, जिससे एक्यूआई में सुधार होता है. आने वाले दिनों में इसी वजह से वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल सकता है और लोगों को प्रदूषण से कुछ हद तक राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें: असम के चाय बागानों में 'कमल' खिलने के आसार क्यों हैं? पढ़िए पूरी इनसाइड स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं