दिल्ली एनसीआर के साथ उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में पिछले दो दिनों में बारिश, ओलावृष्टि और बादलों की गरज के साथ बिजली चमकने से मौसम बदला बदला सा रहा, लेकिन अब वेदर फिर यूटर्न मार रहा है. उत्तर भारत में फिर से गर्मी तेवर दिखाने वाली है, फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी का अहसास बढ़ेगा. होली के पहले ही पारा तेजी से चढ़ेगा. मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 फरवरी को अंडमान निकोबार द्वीप समूह में, 21 और 22 फरवरी को तमिलनाडु और केरल में भारी बरसात का अनुमान है. मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है.
मौसम विभाग ने दिल्ली में पारा फिर से चढ़ने का अनुमान जताया है. दिल्ली में 20 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 25 फरवरी तक तापमान 31 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे मार्च जैसी गर्मी फरवरी में ही महसूस होने लगेगी.

Delhi Weather
मौसम विभाग की मानें तो 23 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और 22 से 24 फरवरी तक उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. गंगा के मैदानी इलाकों में 24 फरवरी को पश्चिम बंगाल, झारखंड में 23 और 24 फरवरी को, ओडिशा में गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
मार्च में भी प्रचंड गर्मी
भारत मौसम विभाग का कहना है कि अल नीनो के प्रभाव से इस बार अप्रैल-मई तक गर्मी प्रचंड रूप धारण कर सकती है.वर्ष 2025 में गर्मी ने रिकॉर्ड बनाया था. इस साल तापमान और ज्यादा नए रिकॉर्ड कायम कर सकता है. फरवरी में टेंपरेचर 30 डिग्री के पार हो गया है. ऐसे में मार्च में भी पारा सातवें आसमान पर पहुंच सकता है. जबकि गर्मी का असली दौर अप्रैल से जून तक देखा जाता है. इस दौरान दिल्ली, यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान से लेकर पूरे उत्तर भारत में प्रचंड गर्मी के साथ लू का कहर देखा जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं