मौसम ने आज फिर करवट ली और तेजी से ऊपर चढ़ रहा पारा थोड़ा लुढ़का. दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पंजाब-हरियाणा में बारिश आई. राजस्थान में बीकानेर और नागौर जैसी कुछ जगहों पर ओले भी गिरे. दिल्ली में आईटीओ, अक्षरधाम, कर्तव्यपथ से लेकर पालम, आईजीआई एयरपोर्ट तक सुबह से बारिश देखने को मिली. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए पूरे उत्तर पश्चिम भारत में बारिश का अलर्ट जारी किया था. पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश-बर्फबारी से फिर ठंडक महसूस हुई. घने बादलों के बीच नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम तक बारिश रही. हालांकि गुरुवार को बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश का अनुमान नहीं है. तापमान में भी दोबारा बढ़ोतरी का संकेत है.
वेस्ट यूपी में बदला मौसम
वेस्ट यूपी में भी सुबह से बादल छाए थे. नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत से लेकर मुजफ्फरनगर तक बूंदाबंदी हुई. गरज-चमक के साथ हापुड़, बुलंदशहर के इलाकों में भी हल्की बारिश हुई.खेकड़ा, मोदीनगर, पिलखुआ में भी हल्की बारिश हुई. खुर्जा मथुरा के बरसाना में भी बारिश हुई.
सिरसा से गुरुग्राम तक बारिश
हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण आठ से ज्यादा जिलों में बारिश हुई. कैथल, गुरुग्राम, हिसार और सिरसा में मंगलवार रात से बारिश हुई, जो बुधवार को भी दिखी. भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने अगले 24 घंटों तक कई जिलों में तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है.हरियाणा के सोनीपत, खरखौदा, चरखी दादरी, मट्टनहेल, झज्जर, फरुखनगर, कोसली, महेंद्रगढ़, सोहना, रेवारी, पलवल, नारनौल, बावल, नूंह, औरंगाबाद, होडल में भी बारिश हुई. कुरुक्षेत्र, नरवाना, करनाल, फतेहाबाद, असंध, सफीदों, बरवाला, जिंद, पानीपत, आदमपुर, गोहाना, गन्नौर, हांसी, तोशाम, रोहतक में बेमौसम बारिश ने भिगोया. शामली, कांधला, खतौली, सकौती टांडा, हस्तिनापुर, बड़ौत, दौराला, मेरठ, किठौर, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, गुलौटी, सियाना में बारिश हुई.
ये भी पढ़ें - Rain Alert: दिल्ली NCR में मौसम पलटा, गरज-चमक के साथ बारिश, हरियाणा-राजस्थान में ओले गिरने का भी अलर्ट
जयपुर से भिवाड़ी तक बूंदाबांदी
राजस्थान में राजधानी जयपुर में भी घने बादलों के बीच बूंदाबांदी हुई. भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, अलवर, विराटनगर, नगर, लक्ष्मणगढ़, राजगढ़ में भी बारिश हुई.राजस्थान के कोटपुतली, डीग में भी बरसात हुई. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई.
एमपी में इंदौर-उज्जैन तक बरसात
मध्य प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ से बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी थी. मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नीमच, शाजापुर, राजगढ़, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, मंदसौर, आगर-मालवा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई. भोपाल, देवास, खरगोन, बड़वानी, सीहोर, विदिशा, सागर, दमोह, पन्ना और सतना भी बारिश के आसार हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं