विज्ञापन

मैंने वही किया, जो कोई भी करता... थप्पड़ कांड पर अब प्रवेश वर्मा का भी आया वीडियो

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा के एक युवक को थप्पड़ जड़ने वाले वीडियो पर सियासत गरमा गई है. इस बीच प्रवेश वर्मा ने भी एक वीडियो पोस्ट कर इस पूरी घटना की सच्चाई बताई है.

प्रवेश वर्मा ने वीडियो जारी कर घटना की सच्चाई बताई है.
  • दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह एक युवक को थप्पड़ लगाते दिखे हैं
  • प्रवेश वर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता ने उनके परिवार को गाली दी थी, इसलिए प्रतिक्रिया दी
  • उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह इंजीनियरों पर दबाव डालकर कमीशन मांग रहे थे
नई दिल्ली:

दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक युवक को कथित तौर पर थप्पड़ जड़ते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी हमलावर हो गई है. इस थप्पड़कांड पर अब प्रवेश वर्मा का भी एक वीडियो आ गया है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि मैंने वही किया, जो भी करता.

प्रवेश वर्मा ने X पर लगभग तीन मिनट का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने आज की पूरी घटना की सच्चाई बताई है. उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार को गाली देना शुरू कर दिया, तब कोई भी व्यक्ति वही करता, जो मैंने किया.

प्रवेश वर्मा ने क्या कहा?

प्रवेश वर्मा ने अपना वीडियो डालकर कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर्स पर दबाव डाल रहे थे कि कॉन्ट्रैक्टर्स से मिलवाइए और कमीशन दिलवाइए. लेकिन जब इंजीनियर ने पुलिस स्टेशन में जाकर शिकायत कर दी और उन्हें कोई कमीशन नहीं मिला तो जैसे ही रात को रोड डलती थी, वह सुबह उसे उखाड़ देते थे.

उन्होंने कहा, 'आज जब मैं उस रास्ते से निकल रहा था तो मैंने इंजीनियर्स को बोला कि एक बार मैं सारे काम को देखना चाहता हूं. जब मैं वहां पर रुका और मैंने काम को देखा कि काम एकदम बहुत अच्छे से चल रहा है. वहां के लोगों ने मुझे बताया कि 15 साल तक यह रोड नहीं बनी. 15 साल के बाद में रोड बनाया जा रहा है. शायद इस बात से आम आदमी पार्टी पूरी दुखी है कि दिल्ली में सारी सड़कें बनाई जा रही हैं, 15 साल तक जो सड़कें नहीं बनी थी.'

मैंने जरनैल सिंह का 45 मिनट इंतजार कियाः प्रवेश वर्मा

प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि उन्होंने तीन बार जरनैल सिंह को फोन किया था. उन्होंने कहा, 'मैंने उनका 45 मिनट तक वेट किया. हमारे जो वहां के कार्यकर्ता थे, मैंने उनको नहीं बुलाया. जब वहां पर जरनैल सिंह पहुंचे तो वह अपने कार्यकर्ताओं को पहले से सूचना देकर आए और जब वह आए तो उन्होंने आते ही वहां पर बदतमीजी शुरू कर दी. उनके एक कार्यकर्ता ने जब मेरे परिवार को गाली देना शुरू किया, तब कोई भी व्यक्ति उस आवेश में आकर जो करेगा, मैंने भी वही किया.'

उन्होंने कहा कि 'मैं आम आदमी पार्टी से कहना चाहता हूं कि आप जो काम नहीं कर पाए, आज वह हमारी सरकार कर रही है इसलिए आपके पेट में दर्द हो रहा है.' 

प्रवेश वर्मा ने कहा कि अगर कोई सरकारी काम में बाधा डालेगा, सरकारी कामों में हमारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा और हमारे अधिकारियों से कमीशन मांगेगा तो यह हमसे बर्दाश्त नहीं होगा.

यह भी पढ़ेंः दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, AAP ने वीडियो शेयर कर कहा- गिरफ्तार करो

क्या है पूरा मामला?

प्रवेश वर्मा का जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह रविवार का उस समय का है जब वह तिलक नगर में एक सड़क का निरीक्षण करने गए थे.

इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया. वीडियो में दिख रहा है कि प्रवेश वर्मा ने एक युवक का मोबाइल अपने बाएं हाथ से नीचे खींचा, जो उनका वीडियो बना रहा था, और फिर अपने दाहिने हाथ से उसके चेहरे पर कथित तौर पर थप्पड़ जड़ दिया.

यह घटना दोपहर डेढ़ बजे के आसपास हुई. जिस युवक को प्रवेश वर्मा ने कथित थौर पर थप्पड़ जड़ा, वह आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह का पीए साहिब सिंह है. साहिब सिंह का कहना है कि वह FIR दर्ज करवाएंगे.

प्रवेश वर्मा का कथित वीडियो सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी हमलावर हो गई है. आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इस मामले पर पार्टी प्रवेश वर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करवाने जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parvesh Verma, Parvesh Verma Viral Video, Aam Aadmi Party (AAP), BJP Vs AAP, Jarnail Singh AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com