विज्ञापन

CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो ने मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन को खोला

दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन के बीच DMRC ने मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन को फिर से आम यात्रियों के लिए खोल दिया है.

CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली मेट्रो ने मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन को खोला
DMRC ने दो मेट्रो स्टेशन खोले
IANS

दिल्ली में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. इस बीच सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो ने सेंट्रल दिल्ली के कई स्टेशनों को बंद रखा है. लेकिन अब DMRC ने दिल्ली के दो मेट्रो स्टेशनों को फिर से आम लोगों के लिए खोल दिया है. DMRC ने बताया कि मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन को खोल दिया गया है. हालांकि अभी भी 15 स्टेशन बंद हैं.

जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच मेट्रो स्टेशन बंद होने से यात्रियों में आक्रोश

जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के कारण बार-बार मेट्रो स्टेशन बंद करने और यातायात नियंत्रित करने के प्रशासन के फैसले पर यात्रियों ने नाराजगी जताई है. लोगों ने सोशल मीडिया पर सवाल किया कि आखिर हर दिन सफर करने वाले हजारों लोगों को क्यों परेशानी उठानी पड़ रही है.

डीएमआरसी ने शुक्रवार को घोषणा की कि नयी दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेगा. हालांकि इससे पहले ही लगातार तीसरे दिन मध्य दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशन बंद होने से लोगों को परेशानी हो रही थी. डीएमआरसी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि नयी दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेगा और इस स्टेशन पर ‘इंटरचेंज' की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी. सुरक्षा कारणों से शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से मध्य दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशन पहले ही बंद थे.

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन येलो लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को जोड़ने वाला प्रमुख इंटरचेंज स्टेशन है. इसके बंद होने से रोज सफर करने वाले हजारों यात्रियों को परेशानी होने की आशंका है.

घोषणा के तुरंत बाद कई लोगों ने ‘एक्स' पर इस फैसले पर सवाल उठाए. कई लोगों ने कहा कि इससे दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और यात्रियों को परेशानी होगी. वहीं कुछ लोगों ने आशंका जताई कि ऐप के जरिये मिलने वाली टैक्सियों का किराया बढ़ सकता है.

गुरुवार देर रात 16 स्टेशन बंद रखने की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने लिखा, 'विरोध प्रदर्शन से निपटने का सबसे आसान तरीका आम लोगों को परेशान करना है.'

कई लोगों ने सवाल किया कि दफ्तर, स्कूल और अस्पताल जाने वाले लोगों को क्यों परेशान किया जा रहा है. उनका कहना था कि इन पाबंदियों से प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर जाने से नहीं रुकेंगे. कुछ लोगों ने बार-बार मेट्रो स्टेशन बंद करने का कारण भी पूछा. डीएमआरसी को टैग करते हुए एक उपयोगकर्ता ने लिखा, 'क्या आप डीएमआरसी अपने पैसे से चला रहे हैं या जनता के टैक्स के पैसे से? कृपया स्टेशन बंद करने का सही कारण बताइए.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Metro, Delhi Metro Station, Delhi Metro Station Closed List, Delhi Metro Station Closed News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com