नोएडा में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है. सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में स्थित दिल्ली-मेरठ हाइवे पर देर रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसमें लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और 2 लोगों की मौत हो गई.
मदद करने वालों को ट्रक ने रौंद दिया!
जानकारी के मुताबिक, बीते सोमवार रात थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के दिल्ली मेरठ हाइवे पर देर रात मेरठ से दिल्ली आने वाले बीच वाले लेन पर एक तेज रफ्तार पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा टकराया. हादसे के बाद वहां मौजूद अन्य ट्रक चालक पिकअप चालक की मदद के लिए पहुंचे. इसी दौरान पीछे से सब्जियों से भरा हुआ एक तेज रफ्तार ट्रक आया और पिकअप चालक की मदद कर रहे लोगों को जोरदार टक्कर मारते हुए रौंद दिया. टक्कर इतना भयावह था कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल लोग कई फुट ऊपर हवा में उछल गए.
हादसे में 2 लोगों की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक तेज रफ्तार टेंपो अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया. हम लोग मदद करने पहुंचे ही थे कि पीछे से एक और तेज ट्रक आ गया और सीधे वहां खड़े लोगों को रौंद दिया. चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत बहुत नाजुक है. एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट आई है. इतनी तेज टक्कर थी कि लोग कई फुट ऊपर उछल गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया. इलाज के दौरान इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई वही एक की हालत नाजुक बनी हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
कैसे हुआ हादसा
नोएडा पुलिस ने बताया कि थाना सेक्टर 58 के तहत मेरठ दिल्ली हाइवे पर मेरठ से आने वाली बीच वाली लेन पर सडक दुर्घटना होने की सूचना मिली थी. सूचना के बाद थाना सेक्टर 58 पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने बताया कि पिकअप नंबर DL 1C AH 1790 को पीछे से ट्रक नंबर MP 07 GA 9111 से टकरा गई थी. पिकअप में फंसे ड्राइवर अमित को 03 ट्रक चालक अपने अपने ट्रक साइड में रोककर निकालने की कोशिश कर रहे थे. तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार सब्जी ले जा रहे ट्रक ने तीनों ट्रक ड्राइवर को टक्कर मार दी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं