बुलंदशहर में 70 साल की एक महिला ने 75 साल के अपने पति से तलाक मांगा है. दोनों की शादी के 50 साल हो चुके हैं. दोनों के चार बेटे हैं. पति-पत्नी अलग-अलग रहते हैं. तलाक की मांग करते हुए पत्नी ने पुलिस की शरण ली. पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर माला शांत कराया. पुलिस ने व्यवस्था बनाई है कि पति पत्नी को हर महीने पांच हजार रुपये का गुजारा भत्ता देगा. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
कहां का है यह मामला
मिली जानकारी के मुताबिक बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी ओम कुमार पेट्रोलियम मंत्रालय के रिटायर्ड कर्मचारी हैं. वो अब 75 साल के हो चुके हैं. उनकी पत्नी सत्यवती की उम्र 70 साल है. इन दोनों के चार बेटे हैं. सभी बेटे अपना-अपना कामकाज कर अपने परिवार का गुजारा करते हैं. बुजुर्ग माता-पिता को दो-दो बेटों ने आपस में बांट लिया है. दो बेटे पिता को और दो बेटे मां को अपने साथ रखते हैं.
बेटों के साथ रहने की वजह से ओम कुमार और सत्यवती के बीच की दूरियां और गलतफहमियां बढ़ने लगीं. इसकी वजह से दोनों में झगड़े भी होने लगे.सत्यवती ने आरोप लगाया कि बीमार होने पर पति उनका इलाज नहीं कराते हैं. वो इलाज के लिए बेटे के पास जाने को कहते हैं. उनका कहना था कि एक बार दवा मांगने पर पति ने उनका सामान सड़क पर फेंक दिया था.
पुलिस ने क्या व्यवस्था बनाई है
पति के साथ विवाद बढ़ने पर सत्यवती ने पुलिस की शरण ली. सत्यवती ने ओम कुमार से तलाक की मांग की.यह देखकर पुलिस ने मामले को महिला परामर्श केंद्र को रेफर कर दिया. महिला परामर्श केंद्र के काउंसलर ने दोनों से बातचीत कर विवाद सुलझाने की कोशिश की. लेकिन सत्यवती तलाक की जिद पर अड़ी रहीं.बाद में महिला परामर्श केंद्र ने यह व्यवस्था बनाई कि ओम कुमार हर महीने सत्यवती को पांच हजार रुपये का गुजारा भत्ता देंगे. पुलिस की इस व्यवस्था से सत्यवती ने संतोष जताया.
ये भी पढ़ें: ईरान में अमेरिका की तरफ से युद्ध अपराध करने के ठोस आधार: UN फैक्ट-फाइंडिंग मिशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं