विज्ञापन
This Article is From Dec 01, 2023

मिजोरम में वोटों की गिनती का दिन बदला, अब चार दिसंबर को मतगणना

मिजोरम एनजीओ कोआर्डिनेशन कमेटी (NGOCC) की ओर से राज्य में विरोध प्रदर्शन किए जाने के कारण मतगणना की तारीख बदलने का फैसला लिया गया है.

मिजोरम में वोटों की गिनती का दिन बदला, अब चार दिसंबर को मतगणना
नई दिल्ली:

चुनाव आयोग ने मिजोरम विधानसभा चुनाव में वोटों की गिनती की तारीख में संशोधन किया है. पहले मिजोरम चुनाव के नतीजे भी अन्य चार राज्यों के चुनाव परिणामों के साथ 3 दिसंबर को घोषित होने वाले थे.

मतगणना और नतीजों की तारीख एक दिन आगे बढ़ाकर 4 दिसंबर कर दी गई है. मिजोरम एनजीओ कोआर्डिनेशन कमेटी (NGOCC) की ओर से राज्य में विरोध प्रदर्शन किए जाने के कारण मतगणना की तारीख बदलने का फैसला लिया गया है.

ग्रुप ने पहले 3 दिसंबर को मतगणना को लेकर नाराजगी जताई थी क्योंकि इस दिन रविवार है, जो ईसाइयों के लिए एक पवित्र दिन है. राज्य में ईसाई बहुसंख्यक हैं.

मिजोरम में आज ‘एनजीओ कोऑर्डिनेशन कमेटी' के सदस्यों ने राज्य विधानसभा चुनाव के बाद तीन दिसंबर को प्रस्तावित मतगणना की तिथि में बदलाव को लेकर राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया. राज्य की राजधानी आइजोल और अन्य जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किए गए. 

मिजोरम में एनजीओसीसी नागरिक समाज के प्रमुख संगठनों और छात्र समूहों एक व्यापक संगठन है जिसमें प्रभावशाली सेंट्रल यंग मिजो एसोसिएशन (सीवाईएमए) और मिजो जिरलाई पावल (एमजेडपी) शामिल हैं.

आइजोल में राजभवन के पास रैली को संबोधित करते हुए एनजीओसीसी के अध्यक्ष लालहमछुआना ने निर्वाचन आयोग पर राजनीतिक दलों, गिरजाघरों और गैर सरकारी संगठनों द्वारा बार-बार मतगणना की तारीख को बदलने की अपील के बावजूद इस मुद्दे पर चुप रहने का आरोप लगाया.

लालहमछुआना ने कहा कि मतगणना की तारीख रविवार को पड़ती है, जो ईसाइयों के लिए एक पवित्र दिन है. उन्होंने कहा कि मिजोरम एक ईसाई बहुल राज्य है. उन्होंने कहा कि एनजीओसीसी ने हाल ही में एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली भेजा था और निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर चर्चा की थी. 

सीवाईएमए के अध्यक्ष लालहमछुआना ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन मिजो समुदाय और उनके धर्म की रक्षा के अलावा और कुछ नहीं है.

मिजो हमीछे इंसुइहखावम पावल (एमएचआईपी) या मिजोरम महिला संघ, मिजो छात्र संघ (एमएसयू) और एमजेडपी जैसे अन्य संगठनों के नेताओं ने भी रैली को संबोधित किया. 

मिजोरम में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सात नवंबर को हुआ था. राज्य के 8.57 लाख पात्र मतदाताओं में से 80 फीसदी से अधिक ने मतदान किया है. कुल 174 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mizoram Elections, Mizoram Election Counting Date, AssemblyElections2023
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com