Coronavirus India Updates: भारत में COVID-19 के मामले अब घट रहे हैं. देशभर में पिछले 24 घंटों में 18,346 नए कोरोना वायरस (Coronavirus) केस सामने आए, जो 209 दिनों में सबसे कम हैं. साथ ही भारत में कुल एक्टिव केस भी घट रहे हैं, जो राहत की बात है. सरकार की ओर से आज जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 263 संक्रमितों की मौत हुई है. अब तक कुल 4,49,260 लोग कोरोना के चलते जान गंवा चुके हैं. आंकड़ों के मुताबिक, देश में एक्टिव केस घटकर 2,52,902 रह गए हैं, जो 201 दिनों में सबसे कम हैं. रिकवरी रेट की बात करें तो वह 97.93 प्रतिशत पर है जो कि मार्च 2020 के बाद से सबसे ज्यादा है. पिछले घंटे में कोरोना से 29,639 लोग ठीक हुए, इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,31,50,886 हो गई है. साप्ताहिक संक्रमण दर 1.66 प्रतिशत पर है. यह पिछले 102 दिनों से 3 प्रतिशत से नीचे है. दैनिक संक्रमण दर 1.61 प्रतिशत है, जो पिछले 36 दिनों से 3 प्रतिशत के नीचे है.
देश में चल रहे व्यापक टीकाकरण अभियान के तहत, अब तक लोगों को वैक्सीन की 91.54 करोड़ डोज लग चुकी है. पिछले 24 घंटे में 72,51,419 खुराकें दी गई हैं. भारत समेत दुनिया भर के 190 से ज्यादा देश कोरोना वायरस संक्रमण से प्रभावित हैं. दुनिया में अब तक 23 करोड़ से अधिक लोग COVID-19 की चपेट में आ चुके हैं. यह वायरस 48 लाख से अधिक लोगों की जिंदगी छीन चुका है.