- तमिलनाडु में विजय की टीवीके पार्टी को कांग्रेस समर्थन देने जा रही है
- कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन मांगा था
- राहुल गांधी टीवीके को समर्थन देने के पक्ष में थे जबकि मल्लिकार्जुन खड़गे चाहते थे फैसला स्थानीय स्तर पर हो
तमिलनाडु में बहुमत से कुछ सीटें दूर रही विजय की तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) पार्टी जल्द ही सरकार बनाने जा रही है. टीवीके सरकार कांग्रेस के समर्थन से बनने जा रही है. कांग्रेस ने खुद समर्थन देने का ऐलान किया है. कांग्रेस ने तमिलनाडु में टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है. इससे पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दावा किया था कि विजय ने सरकार बनाने के लिए कांग्रेस से समर्थन मांगा है. अब समर्थन को लेकर आधिकारिक लेटर सामने आ गया है.
कांग्रेस ने टीवीके को ये समर्थन ऐसे ही नहीं दिया है. इसके लिए पार्टी एक शर्त भी रखी है. कांग्रेस ने मांग की है कि गठबंधन में कोई भी "सांप्रदायिक ताकत" शामिल नहीं होनी चाहिए. तमिलनाडु के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी प्रभारी गिरीश चोडंकर ने कहा, "हमारा समर्थन इस शर्त पर होगा कि टीवीके इस गठबंधन से उन सांप्रदायिक ताकतों को बाहर रखे जिनका देश के संविधान में विश्वास नहीं है."

माना जा रहा है कि राहुल गांधी भी विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं. पहले खबर आई थी कि कांग्रेस विजय की सरकार में दो मंत्री पद चाहती है. इसे लेकर प्रभारी गिरीश चोदनकर और प्रवीण चक्रवर्ती टीवीके के संपर्क में हैं.सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी टीवीके को समर्थन देने के पक्ष में थे लेकिन अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे चाहते थे कि ये फैसला दिल्ली के बजाय तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी करे. इसलिए दिल्ली में मंथन के बाद तमिलनाडु कांग्रेस के नेताओं की ऑनलाइन मीटिंग हुई, जिसमें औपचारिक तौर पर टीवीके को समर्थन देने का फैसला लिया गया.
7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं विजय
जानकारी के मुताबिक विजय 7 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. कहा जा रहा है कि विजय गुरुवार को शपथ लेना चाहते हैं क्योंकि गुरुवार का दिन शुभ है. उनका शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में हो सकता है. इसकी वजह से टीवीके विधायकों को चेन्नई न छोड़ने को कहा गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं