संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होने जा रहा है. इस बार का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा. माना जा रहा है कि इस बार का सत्र भी हंगामेदार रह सकता है, कई मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति पर विचार कर रहा है. इसी बीच कांग्रेस संसदीय दल की बैठक 16 जुलाई को दिल्ली में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई है. सूत्रों के मुताबिक 16 जुलाई को 11 बजे कांग्रेस संसदीय दल की बैठक हो सकती है. बैठक सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर बैठक होगी. इस बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी , कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के कई सांसद शामिल होंगे. बैठक में मॉनसून सत्र के दौरान सरकार को घेरने का प्लान तैयार किया जाएगा.
कई मुद्दों पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
संसद के मॉनसून सत्र में सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस अपनी रणनीति को इस बैठक में तैयार करेगी. जानकारों के मुताबिक राम मंदिर चंदा घोटाले, NEET, एथनॉल और अन्य मुद्दों को लेकर पहले से कांग्रेस सरकार पर हमलावर है. इन मुद्दों के जरिए कांग्रेस संसद में भी सरकार को घेरेगी.बैठक में फ्लोर मैनेजमेंट रणनीति को भी तैयार किया जाएगा.
मॉनसून सत्र के हंगामेदार रहने की संभावना
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में रणनीति के साथ-साथ विपक्षी एकजुटता की कोशिश पर भी चर्चा संभव है. NEET, राम मंदिर और एथनॉल जैसे मुद्दों पर विपक्षी एकजुटता कैसे संसद के भीतर रहे इस मुद्दे पर भी रणनीति को तैयार की जा सकती है. इसके साथ ही कांग्रेस के सामने अपने सहयोगी के साथ तालमेल पर भी मंथन की संभावना है. डीएमके कांग्रेस से अलग हो गई है वहीं आम आदमी पार्टी भी खुद को इंडिया गठबंधन से बाहर बता चुकी है. ऐसे में कांग्रेस की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी कि कैसे पार्टी इंडिया गठबंधन के दलों के बीच तालमेल बिठाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं