विज्ञापन
This Article is From Mar 19, 2020

मेरठ के एक शख्स ने गोमूत्र से कैंसर ठीक करने का दावा किया, वज्रासन से मेरे भी घुटने का दर्द चला गया : कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नांडीज

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस ने बुधवार को राज्यसभा में गौमूत्र की विशेषता गिनाते हुए एक व्यक्ति का अनुभव साझा किया जिसने उनके समक्ष गौमूत्र से कैंसर ठीक होने का दावा किया.

मेरठ के एक शख्स ने गोमूत्र से कैंसर ठीक करने का दावा किया, वज्रासन से मेरे भी घुटने का दर्द चला गया : कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नांडीज
कांग्रेस नेता ऑस्कर फर्नांडीज ने गोमूत्र और व्रजासन की तारीफ की
नई दिल्ली:

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऑस्कर फर्नांडिस ने बुधवार को राज्यसभा में गौमूत्र की विशेषता गिनाते हुए एक व्यक्ति का अनुभव साझा किया जिसने उनके समक्ष गौमूत्र से कैंसर ठीक होने का दावा किया. भारतीय चिकित्सा पद्धतियों और होम्योपैथी से जुड़े दो विधेयकों पर एक साथ हो रही चर्चा में भाग लेते हुए फर्नांडिस ने कहा, 'जब मैं गौमूत्र की बात करता हूं तो मेरे बहुत अच्छे मित्र जयराम रमेश (कांग्रेस सदस्य) मेरी टांग खींचते हैं.' उन्होंने कहा कि उन्हें मेरठ के पास एक आश्रम में एक ऐसा व्यक्ति मिला जिसने यह दावा किया कि गौमूत्र पीकर उसने अपना कैंसर ठीक कर लिया. फर्नांडिस ने योग, प्राकृतिक चिकित्सा और भारतीय चिकित्सा पद्धति की सराहना करते हुए अपना एक अनुभव साझा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें एक बार घुटने में बहुत दर्द हुआ था तथा डाक्टरों ने उन्हें घुटना बदलवाने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा, 'मैंने वज्रासन करना शुरू कर दिया और आज मैं बिना किसी कठिनाई के कुश्ती लड़ सकता हूं.' कांग्रेस नेता ने कहा, 'जब (पूर्व) प्रधानमंत्री (अटल बिहारी) वाजपेयी जी की घुटने की सर्जरी हुई थी तो मुझे लगा कि यदि मैं उन्हें जानता होता तो मैं उनके पास जाकर वज्रासन करने को कहता और इससे वह ठीक हो जाते.' उन्होंने अमेरिका में एक ऐसे व्यक्ति से मिलने का दावा किया जो 104 वर्ष का था और योग करने का कारण युवाओं की तरह तेजी से चलता था. फर्नांडिस ने कहा, 'योग हमारी संपदा है. यदि आप योग करेंगे तो आपके स्वास्थ्य का बजट 50 प्रतिशत कम हो जाएगा. यह जीवन जीने का तरीका है.'

आपको बता दें इस समय कोरोना वायरस की वजह से गोमूत्र का सेवन चर्चा में है. हालांकि अभी तक इस पर कोई प्रामणिक रिसर्च नही है कि गोमूत्र ठीक से कोरोना वायरस या कैंसर जैसे रोग ठीक हो जाते हैं. हाल ही में असम में भाजपा की विधायक ने गोमूत्र और गोबर से कोरोना वायरस से निपटने में मददगार होने की बात कह सबको चौंका दिया. सुमन हरिप्रिया ने भी गोमूत्र और गोबर से कैंसर जैसी घातक बीमारियां ठीक होने का दावा भी किया. राज्य विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन मवेशियों की बांग्लादेश तस्करी के मामले पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा, ‘हम सबको पता है कि गाय के गोबर के कितने फायदे हैं. इसी तरह गोमूत्र का छिड़काव इलाके को शुद्ध करने के लिए भी किया जाता है... मेरा मानना है कि इसी तरह गोमूत्र और गोबर से कोरोना वायरस भी ठीक हो सकता है.'

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress Leader Oscar Fernandes, Gaumutra Curing Cancer, Vajrasana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com