वंदे मातरम् को लेकर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी गई है. यह शिकायत सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में दी है. शिकायत 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में हुए स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को लेकर की गई है.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ‘वंदे मातरम्' के दौरान सोनिया गांधी ने ऐसे इशारे किए, जिससे गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति जताने की बात सामने आती है. शिकायत में राहुल गांधी के एक वीडियो का भी जिक्र है, जिसमें वे कथित तौर पर कहते नजर आ रहे हैं कि हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं.
शिकायतकर्ता ने दोनों के खिलाफ मामले की जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है. शिकायत में राष्ट्रीय गीत के गायन को जानबूझकर रोकने या कार्यक्रम में रुकावट डालने से जुड़े कानूनी प्रावधानों का भी हवाला दिया गया है. सुप्रीम कोर्ट के वकील शुभ शर्मा ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
वैसे इस मामले को लेकर बीजेपी भी कांग्रेस पर हमलावर है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ मिलकर चित्तौड़गढ़ में दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने गए थे. इस मौके पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. वंदे मातरम विवाद पर अमित शाह ने कहा, "इनकी (कांग्रेस) निर्लज्जता देखिए. कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय पर वंदे मातरम का गान हो रहा था. चालू गान में कांग्रेस की नेत्री, सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष को गान रोकने की बात कही. हम सब टीवी पर देखते रह गए.
ये भी पढ़ें- वंदे मातरम रोकने पर बरसे अमित शाह
अमित शाह ने कहा, "कांग्रेस ने वंदे मातरम को भुला दिया था. बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की वो अमर कृति, एक गान के दो शब्द, वंदे मातरम, 'भारत माता की मैं वंदना करता हूं' ये बोलते हुए हजारों-लाखों लोग फांसी के फंदे पर चढ़ गए थे. वोट बैंक के लालच में कांग्रेस ने वंदे मातरम के भुला दिया था. यह 150वां साल है वंदे मातरम के प्राकट्य का.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं