खास बातें
- बिजली एवं पानी के ‘बढ़े’ बिलों के खिलाफ आप नेता अरविन्द केजरीवाल की अनिश्चिकालीन भूख हड़ताल गुरुवार को छठे दिन में प्रवेश कर गयी और उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों मतदाताओं को रिश्वत देकर तथा बाहुबल के जरिये चुनावें जीतती रही हैं।
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में बिजली एवं पानी के ‘‘बढ़े’’ बिलों के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविन्द केजरीवाल की अनिश्चिकालीन भूख हड़ताल गुरुवार को छठे दिन में प्रवेश कर गयी और उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों मतदाताओं को रिश्वत देकर तथा बाहुबल के जरिये चुनावें जीतती रही हैं।
केजरीवाल ने कहा कि कई लोग उनसे पूछ रहे हैं कि उनके अनशन पर अब तक भाजपा और कांग्रेस ने कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं व्यक्त की।
उन्होंने अपने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऐसा इसलिए कि भाजपा और कांग्रेस दोनों चिंतित हैं क्योंकि भारत में धीरे धीरे अलग तरह की राजनीति उभर रही है। अब तक वे मतदाताओं को रिश्वत देकर, धन बल और बाहु बल के जरिए चुनाव जीतते थे। लेकिन अब मतदाता जाग गए हैं। चुनाव सिर्फ चुनाव नहीं रह जाएंगे बल्कि क्रांति होगी।’’
आप ने एक बयान में कहा कि उनकी हालत स्थिर है और सभी मापदंड सामान्य रेंज में हैं। बयान के अनुसार उनका ब्लड प्रेशर 120:74 है जबकि नाडी 66 और शर्करा स्तर 106 है। कीटोन स्तर 4 प्लस से घटकर तीन प्लस हो गया है जो सकारात्मक संकेत है। हालांकि अनशन शुरू करने के बाद से अब तक उनके वजन में छह किलोग्राम तक की कमी आई है।