विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री बनने की अटकलों पर फुल स्टॉप, फडणवीस बोले- मैं महाराष्ट्र के लिए काम करता रहूंगा

दिल्ली दौरे और केंद्र में मंत्री बनाए जाने की अटकलों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विराम लगाते हुए कहा कि उन्हें महाराष्ट्र की जनता और प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की जिम्मेदारी दी है, जिसे वे पूरी निष्ठा से निभाएंगे.

केंद्रीय मंत्री बनने की अटकलों पर फुल स्टॉप, फडणवीस बोले- मैं महाराष्ट्र के लिए काम करता रहूंगा
दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात के बाद अटकलों पर विराम लगाते महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस.
NDTV
  • मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्र में मंत्री बनाए जाने की अटकलों को खारिज किया
  • फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य की विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की जानकारी दी
  • वित्त मंत्री से फडणवीस ने 55 हजार करोड़ रुपये के उत्तन-विरार प्रोजेक्ट के लिए फंडिंग पर बात की
नई दिल्ली:

केंद्र में मंत्री बनाए जाने और दिल्ली दौरों को लेकर चल रही तमाम तरह की अटकलों और चर्चाओं पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विराम लगा दिया है. दिल्ली पहुंचे फडणवीस ने कहा कि जिन्हें जो अफवाहें फैलानी हैं और जितनी पतंग उड़ानी हैं, वे उड़ाते रहें. उन्हें महाराष्ट्र की जनता ने चुनकर भेजा है और उनके नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे.

राजनीतिक गलियारों में अपने दिल्ली दौरे को लेकर बन रहे माहौल पर तंज कसते हुए फडणवीस ने कहा, "कई खाली फुर्सत वाले लोग हैं, जिन्हें मेरे बारे में चर्चा करने में ही आनंद मिलता है. जिसे जो पतंग उड़ानी है और अफवाहें फैलानी हैं, उन्हें उड़ाने दें. मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, मैं उसी का निर्वहन करूंगा."

पीएम मोदी से मुलाकात को लेकर क्या बोले फडणवीस?

देवेंद्र फडणवीस ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस मुलाकात में उन्होंने महाराष्ट्र के प्रशासनिक कामकाज और राज्य में चल रही बड़ी विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रधानमंत्री को सौंपी. 

फडणवीस ने बताया कि केंद्र के सहयोग से चल रही सभी परियोजनाओं पर बेहद सकारात्मक बातचीत हुई है. उन्होंने कहा, "जब भी हमने राज्य के विकास के लिए केंद्र से मदद मांगी है, हमें हमेशा पूरा सहयोग मिला है."

उत्तन-विरार प्रोजेक्ट के लिए 55 हजार करोड़ की फंडिंग की योजना

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात के दौरान फडणवीस ने राज्य की अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर चर्चा की. उन्होंने 55 हजार करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी 'उत्तन से विरार' प्रोजेक्ट का खास तौर से जिक्र किया. प्रस्ताव बहुत बड़ा होने के कारण सरकार यह देख रही है कि क्या जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) के साथ किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय या राष्ट्रीय एजेंसी को जोड़कर इसके लिए फंडिंग जुटाई जा सकती है.

इसके अलावा, फडणवीस ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की और राज्य के उन प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की, जिनकी पर्यावरण मंजूरियां रुकी हुई थीं.

औद्योगिक गलियारे और बुनियादी ढांचे को मिलेगी रफ्तार

महाराष्ट्र में बुनियादी ढांचे और उद्योगों को नई गति देने के लिए फडणवीस ने कई बड़े प्रोजेक्ट्स की प्रगति की जानकारी दी.

दिल्ली-नागपुर और मुंबई-बेंगलुरु कॉरिडोर- दिल्ली-नागपुर कॉरिडोर के करीब नई टाउनशिप विकसित की जाएगी. वहीं मुंबई-बेंगलुरु कॉरिडोर पर NIDC इंडस्ट्रियल कॉरिडोर तैयार किया जाना है, जिसके सिलसिले में जयकुमार गोरे भी दिल्ली पहुंचे हैं.

पुणे मेट्रो लाइन-3 का जल्द उद्घाटन- टाटा के साथ मिलकर तैयार की गई पुणे मेट्रो लाइन-3 का काम लगभग पूरा हो चुका है. इसकी टेस्टिंग प्रक्रिया खत्म होते ही इसका भव्य उद्घाटन किया जाएगा.

भूमि अधिग्रहण और उद्योग- शेंद्रा-बिडकीन में औद्योगिक विकास के लिए भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से किया जाएगा. इसके अलावा जल्द ही उद्योगों के संदर्भ में एक देशव्यापी बड़ी बैठक होने वाली है, जिसमें सभी राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे.

यह भी पढ़ें: कौन हैं गुजरात के हेमांग जोशी, जो तेजस्वी सूर्या की जगह बने भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, CM Devendra Fadanvis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com