श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराते समय कहा कि चढ़ावा चोरी में उनकी कोई भूमिका नहीं है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, चंपत राय ने बताया कि जैसे ही उन्हें चढ़ावे में हेरफेर की खबर मिली, वैसे ही वह एक्टिव हो गए थे. उनके कहने पर ही चढ़ावा चोरी के संदिग्ध पकड़े गए हैं. हालांकि, चंपत राय ने माना की चढ़ावे में कोई हेरफेर न हो इसकी जिम्मेदारी उनकी थी.
'चढ़ावे में कोई हेरफेर ना हो इसकी जिम्मेदारी मेरी थी'
अयोध्या पुलिस को दिये बयान में चंपत राय ने कहा, 'चढ़ावा चोरी में मेरी कोई भूमिका नहीं है. जैसे ही खबर मिली, मैं सक्रिय हो गया और मेरे ही कहने पर आरोपियों को पकड़ा गया. चढ़ावे में कोई हेरफेर ना हो इसकी जिम्मेदारी मेरी थी, ये मैं मानता हूं.' बता दें कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दिया है. इसके बाद वह अयोध्या पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज कराने पहुंचे थे.

अब तक 8 लोग गिरफ्तार
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अयोध्या पुलिस ने अब तक टिन्नू यादव समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है. कुछ बैंक कर्मियों की भूमिका चढ़ावा गबन मामले में सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है. हालांकि, चंपत राय का नाम पुलिस एफआईआर में नहीं है. लेकिन सोमवार को चंपत राय ने अयोध्या पुलिस के सामने अपना दर्ज कराया. इस दौरान उन्होंने बताया कि कैसे चढ़ावा गबन मामले में उन्होंने कदम उठाए और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के 8 आरोपी
- रमाशंकर उर्फ टिन्नू यादव
- अविनाश शुक्ला
- अनुकल्प मिश्रा
- लव कुश मिश्रा
- मनीष कुमार यादव
- करुणेश पांडे
- राम शंकर मिश्रा
- सुभाष श्रीवास्तव
मंदिर ट्रस्ट की अगली बैठक होगी बेहद अहम
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने अयोध्या स्थित राम मंदिर को प्राप्त दान से जुड़े कथित गबन के मामले के बाद अपना इस्तीफा दे दिया है. मंदिर ट्रस्ट की ओर से इसके कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि द्वारा प्रेस को दिए गए एक बयान में कहा कि मंदिर ट्रस्ट अपनी अगली बैठक में इस मामले में निर्णय लेगा. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने राम मंदिर दान के गबन से जुड़े विवाद की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है.
ये भी पढ़ें :- यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अयोध्या में हाउस अरेस्ट, कांग्रेस नेताओं के राम मंदिर दौरे से पहले बड़ा एक्शन
70 से 80 लोगों के बयान होंगे दर्ज
राम मंदिर चढ़ावा मामले में गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों को सोमवार को अयोध्या की एक अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. इस मामले में सभी आरोपियों को अब 13 जुलाई को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा. इसके साथ ही, पुलिस ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक सहित लगभग छह बैंकों को नोटिस जारी किया है और गिरफ्तार आरोपियों, ट्रस्ट और अन्य लोगों के बैंक खातों और लॉकरों की जानकारी मांगी है. बताया जा रहा है कि इस मामले की जांच में करीब 70 से 80 लोग हैं, जिन्हें बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जाएगा.
ये भी पढ़ें :- कौन हैं अर्जुन देव सिंह? जिनके पास थी राम मंदिर चढ़ावा वाले कमरे की CCTV की जिम्मेदारी, 17 साल बाद हुआ ट्रांसफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं