- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अल-नीनो के प्रभावों से निपटने के लिए बैठक में तैयारियों की समीक्षा की
- बैठक में विभागों की तैयारियों को लेकर किसानों के हितों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया
- चौहान ने मॉनसून की स्थिति पर निगरानी, राज्यों के साथ समन्वय और किसानों को समय पर सहायता देने का निर्देश दिया
बढ़ती गर्मी और तापमान के बीच मॉनसून का बेसब्री से इंतजार हो रहा है. पहले मॉनसून 26 मई को आने का अनुमान था लेकिन अब इसके 4 जून तक केरल पहुंचने की उम्मीद है. हालांकि, इस बार मॉनसून पर 'अल-नीनो' का असर भी दिखाई देगा, जिस कारण सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है. मॉनसून और उस पर अल-नीनो के असर को लेकर बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक अहम बैठक की.
कृषि मंत्रालय के मुताबिक, इस हाई-लेवल मीटिंग में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की प्रगति और संभावित प्रभावों की समीक्षा की गई. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अल-नीनो के संभावित प्रभावों से निपटने के लिए केंद्र सरकार अलर्ट मोड में है.
इस बैठक में क्या हुआ?
जानकारी के मुताबिक, इस बैठक में कृषि, मौसम और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों की तैयारियों पर चर्चा की गई, और किसानों के हितों की सुरक्षा और फसलों पर प्रभाव कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई.
इस बैठक में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा:
- मानसून की स्थिति पर लगातार निगरानी रखें.
- राज्यों के साथ बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई करें.
- किसानों को समय पर सलाह और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराएं.
यह भी पढ़ेंः UN Weather Alert: गर्मी से आगे भी नहीं मिलेगी राहत! अगले 5 साल टूटेंगे तापमान के हर रिकॉर्ड

अल-नीनो पर क्या कहती है रिपोर्ट?
संयुक्त राष्ट्र की वर्ल्ड मीटियरोलॉजिकल ऑर्गनाइजेशन (WMO) ने इस साल दुनियाभर के मौसम पर 'अल-नीनो' के खतरे पर 'Prepare for EL Nino' नाम की एक रिपोर्ट जारी की है.
WMO की ओर से जारी ताजा अल-नीनो या ला-नीना अपडेट के अनुसार, जून-अगस्त 2026 के दौरान अल नीनो इवेंट होने की 80% संभावना है. इसके नवंबर तक जारी रहने की संभावना लगभग 90% या उससे ज्यादा है. हालांकि अल-नीनो की चरम तीव्रता और समय को लेकर कुछ अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन ज्यादा पूर्वानुमान मॉडल बताते हैं कि यह कम से कम मध्यम तीव्रता का होगा और शायद तीव्र भी हो सकता है.
यह भी पढ़ेंः सूखे की मार, कम बिजली, खेती तबाह... जानें भारत में क्या तबाही मचाएगा सुपर अल नीनो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं