- मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन बदमाशों ने सात राउंड फायरिंग की थी और बाइक छोड़कर फरार हो गए थे
- आरोपियों को विदेश में नौकरी दिलाने का वादा और 50 हजार रुपये एडवांस में दिए गए थे, आगे और भी पैसे मिलने थे
- गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी अनिल पंडित ने हमले की जिम्मेदारी ली और फिल्म इंडस्ट्री को धमकी दी थी
मुंबई के जुहू इलाके में शनिवार को बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर दो लोगों ने फायरिंग की, वहीं उनका तीसरा साथी कुछ मीटर दूर अपनी मोटरसाइकिल पर उनका इंतजार कर रहा था. टाइगर को निशाना बनाकर सात राउंड फायरिंग करने के बाद, तीनों एक बाइक पर सवार होकर भाग गए. उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास बाइक छोड़ दी और फिर जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए. इन सबके पीछे उनका मकसद पैसा और विदेश में नौकरी पाना था.
टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की शुरुआती जांच में पता चला है कि इन तीनों को हमला करने के बदले विदेश में नौकरी दिलाने का वादा किया गया था. बिहार के बेगूसराय निवासी 22 साल के ऋतिक उर्फ रोशन, हरियाणा के सोनीपत निवासी 18 साल के रेहान और हरियाणा के ही 18 साल के फूल सिंह को हमला करने के लिए एडवांस के तौर पर 50 हजार रुपये दिए गए थे और उनसे वादा किया गया था कि हमला सफलतापूर्वक अंजाम देने के बाद उन्हें और पैसे दिए जाएंगे.

पुलिस आरोपियों को दिए गए पैसों की जांच कर रही है. ये पैसे कई छोटी-छोटी किस्तों में दिए गए थे, ताकि इसके लेन-देन का पता लगाना मुश्किल हो जाए.
सूत्रों के मुताबिक, एक 'हैंडलर' ने आरोपियों में से एक से संपर्क किया और उन्हें पैसों का लालच दिया. पुलिस इस हैंडलर और अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिन्होंने इन आरोपियों को काम पर रखा और उन्हें पैसे मुहैया कराए.
लॉरेंस बिश्नोई से कनेक्शन
जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एक साथी, अनिल पंडित पर इस पूरी साजिश में शामिल होने का शक है. लॉरेंस बिश्नोई ने पंडित के जरिए ही टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है. हमले के तुरंत बाद, सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप सामने आई. इसमें एक आदमी को हिंदी में बात करते हुए सुना जा सकता है. उसने दावा किया कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से बोल रहा है और हमले की जिम्मेदारी ली.
सोमवार सुबह राजस्थान के कोटा में, ट्रेन से दिल्ली जा रहे इन तीन आरोपियों को पकड़ा गया. पुलिस के मुताबिक, ये तीनों नेपाल भागने की फिराक में थे. आरोपियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की करीब 20 विशेष टीमें बनाई गई थीं.

बता दें कि रविवार को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी. अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग उनकी कार के पास पहुंचे. इनमें से दो लोगों ने कार पर गोलियां चलाईं, जबकि तीसरा बाइक चला रहा था. इस घटना में टाइगर के हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई. वहीं, उनका ड्राइवर गोली लगने से घायल हो गया.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से उनके रास्ते का पता लगाया. जांच के अनुसार, आरोपी अंधेरी इलाके में बाइक छोड़ने के बाद ट्रेन से आगे निकले थे. मुंबई पुलिस से मिली सूचना के आधार पर राजस्थान की कोटा पुलिस ने तीनों को रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से हिरासत में लिया. आरोपी जयपुर और दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की योजना बना रहे थे.
इसे भी पढ़ें: दाऊद इब्राहिम को 'डॉन', लॉरेंस बिश्नोई को 'गैंगस्टर' क्यों कहते हैं ? टाइगर श्रॉफ पर हमले के बीच समझिए फर्क
इसे भी पढ़ें: Tiger Shroff Firing Case: जुहू में रेकी से लेकर कोटा में गिरफ्तारी तक, ऐसे रची गई थी पूरी साजिश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं