- भारत में एलन मस्क की स्टारलिंक सैटेलाइट इंटरनेट सेवा की संभावित एंट्री पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
- बीजेपी ने राहुल गांधी पर विदेशी हितों के साथ खड़े होने और भारत की नीतियों को प्रभावित करने का आरोप लगाया है.
- बीजेपी प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव ने राहुल गांधी की तुलना मीर जाफर से करते हुए उनकी नीयत पर सवाल उठाए हैं.
भारत में एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक की संभावित एंट्री को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. एलन मस्क के एक सोशल मीडिया पोस्ट पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया के बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया है. अब बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेशी हितों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया है. बीजेपी का कहना है कि भारत की नीतियों और निर्णयों को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को देश की जनता समझ रही है. इसी बहस के बीच बीजेपी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी तुलना मीर जाफर से कर दी.
बीजेपी प्रवक्ता सिद्धार्थ यादव ने कहा कि मैं आज राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या उनका भारत के लोकतंत्र और संस्थाओं पर विश्वास खत्म हो गया है? क्या वह अपनी राजनीति फंडिग के लिए विदेशी धनकुबेरों की ओर देख रहे हैं? क्या विदेशी पूंजीपतियों के साथ सुर मिलाकर भारत में राजनीतिक एजेंडा चलाने की कोशिश की जा रही है. राहुल गांधी के इस व्यवहार को देखकर मीर जाफर की याद आती है, जिन्होंने विदेशियों के साथ मिलकर अपने ही देश को कमजोर करने का काम किया था.
भारत का लोकतंत्र बेहद मजबूत : सिद्धार्थ यादव
सिद्धार्थ यादव ने आगे कहा, "हम इस मंच से राहुल गांधी को साफ शब्दों में बताना चाहते हैं कि भारत का लोकतंत्र बेहद मजबूत है और देश की नीतियां भी मजबूत हैं. किसे सिक्योरिटी क्लीयरेंस मिलेगा और किसे मार्केट एक्सेस मिलेगा, इसका फैसला भारत सरकार देश और देशवासियों के हितों को ध्यान में रखकर करती है. कोई भी व्यक्ति यदि विदेशी धनकुबेरों का कठपुतली बनकर भारत की नीतियों को प्रभावित करने की कोशिश करता है, तो देश की जनता उसके मंसूबों को भलीभांति समझती है. जनता यह भी देख रही है कि ऐसे लोगों के वास्तविक हित और मंशा क्या हैं, जिन्हें अब तक छिपाने की कोशिश की गई है."
कहां से शुरू हुआ विवाद
एलन मस्क ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'स्टारलिंक को 165 से अधिक देशों में लाइसेंस मिल चुका है और कंपनी ने भारत सरकार के हर कानून और हर नियामकीय आवश्यकता का पालन करते हुए पांच वर्ष बिताए हैं, फिर भी अब तक लाइसेंस क्यों नहीं मिला?' मस्क के इसी पोस्ट पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रिएक्शन दिया था.
ये भी पढ़ें : Starlink लाइसेंस विवाद में कूदे राहुल गांधी; एलन मस्क ने तुरंत दे दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं