मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे इंडिया ब्लॉक के सांसदों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का वक्त मिल गया है. विपक्ष राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांग रहा था. सूत्रों ने बताया कि आज रात 8 बजे इंडिया ब्लॉक के 10 सांसद राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगे और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ज्ञापन सौंपेंगे.
विपक्षी सांसद लंबे समय से राष्ट्रपति से मुलाकात की मांग कर रहे थे. अब उन्हें राष्ट्रपति से मिलने का समय मिल गया है.
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां तीन दिन से दिल्ली में प्रदर्शन कर रही हैं. आज प्रदर्शन का चौथा दिन है.
कौन-कौन से सांसद करेंगे मुलाकात?
राष्ट्रपति की तरफ से इंडिया ब्लॉक के सांसदों को मिलने का समय मिल गया है. 10 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को मिलने की इजाजत मिली है.
हालांकि, इंडिया ब्लॉक चाहता है कि 15 नेताओं के प्रतिनिधिमंडल को मिलने की इजाजत मिल जाए, ताकि सभी पार्टियों के नेता शामिल हो सकें.
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, ममता बनर्जी, तेजस्वी यादव समेत लेफ्ट के नेता शामिल रहेंगे.
CEC पर संग्राम! राष्ट्रपति मार्च से पहले उद्धव गुट क्यों अलग हुआ? #UddhavThackeray #INDIAAlliance #MaharashtraPolitics | #RanjanaRathoreNDTV @ranjanasingh95 @BabaManoranjan https://t.co/A44u5iE9hB
— NDTV India (@ndtvindia) October 9, 2026
राष्ट्रपति से मुलाकात का क्या है एजेंडा?
विपक्ष कई दिनों से राष्ट्रपति से मुलाकात की मांग कर रहा था. विपक्ष राष्ट्रपति से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपना चाहता है, जिसमें ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की जाएगी.
इससे पहले तीन बजे सेंट्रल हॉल में इंडिया ब्लॉक के सभी सांसद इकट्ठे होंगे. ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने वाले ज्ञापन पर उनके दस्तखत लिए जाएंगे.
मार्च निकालने वाला है विपक्ष
इससे पहले विपक्ष शुक्रवार को ही राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने वाला था. हालांकि, अभी ये साफ नहीं है कि राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मिलने के बाद विपक्ष इस मार्च को टालता है या करता है.
हालांकि, विपक्ष के प्रस्तावित मार्च को लेकर दिल्ली में हाई अलर्ट है. अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 20 हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है.
कॉकरोच जनता पार्टी ने भी शनिवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक और विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. हालांकि दिल्ली पुलिस ने कहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी को प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं