भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यूपी के दो दिनों के दौरे पर संगठन से लेकर सरकार तक में शामिल नेताओं से मीटिंग की. इस दौरीन रविवार को लखनऊ के प्रेरणा स्थल में शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन भी हुआ. इस दौरान नितिन नवीन ने नेताओं के सामने लक्ष्मण रेखा भी खींच दी और कहा कि सभी विचारधारा के लिए समर्पित रहना है. उन्होंने कहा कि किसी को भी टिकट या फिर निजी महत्वाकांक्षा के लिए गुटबाजी से बचना चाहिए. इसके अलावा नितिन नवीन ने यह भी कहा कि किसी को बेवजह दिल्ली के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और बूथ स्तर तक फैला संगठन है. यदि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ और शक्ति केंद्र को मजबूत करेगा तो 2027 में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी.
नितिन नवीन ने कहा कि संगठन सर्वोपरि है और व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर पार्टी का हित होना चाहिए. उन्होंने चुनाव के समय गुटबाजी और आपसी खींचतान से बचने की नसीहत देते हुए कहा कि ऐसी प्रवृत्तियां पार्टी को नुकसान पहुंचाती हैं. सभी कार्यकर्ताओं को एक टीम की तरह काम करना होगा. उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, विकास, गरीब कल्याण और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं. इन उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर भी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रचारित करने का आह्वान किया.
भाजपा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पार्टी में कार्य करने वालों का सम्मान होगा और भविष्य में चुनावी टिकट भी कार्य, संगठन के प्रति समर्पण और मेरिट के आधार पर दिए जाएंगे. उन्होंने 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत' अभियान को और तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि बूथ ही चुनावी जीत की सबसे मजबूत इकाई है. नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अनावश्यक रूप से दिल्ली के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं है. यदि किसी को संगठन से जुड़ी बात रखनी है तो वह संगठन महामंत्री के माध्यम से अपनी बात पहुंचाए. उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया.
राष्ट्र प्रेरणा स्थल का कार्यक्रम नितिन नवीन के दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा. इससे पहले उन्होंने एनडीए नेताओं, सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मिशन-2027 की रणनीति पर चर्चा की. पार्टी का फोकस बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर रहा. यही नहीं नितिन नवीन ने सहयोगी दलों को भी साधने के संकेत दिए. उन्होंने कहा कि हम एनडीए के साथियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं