विज्ञापन

यूपी चुनाव से पहले कुर्मी वोट बैंक पर BJP की नजर, सरदार पटेल जयंती पर 98 जिलों में होगा बड़ा अभियान

यूपी में 31 अक्टूबर को सरदार पटेल जयंती पर भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में कार्यक्रम आयोजित करेगा, इसे चुनावी रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

यूपी चुनाव से पहले कुर्मी वोट बैंक पर BJP की नजर, सरदार पटेल जयंती पर 98 जिलों में होगा बड़ा अभियान
UP चुनाव से पहले बड़ा दांव
NDTV

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने कुर्मी और अन्य ओबीसी समुदायों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है. इसी रणनीति के तहत भाजपा पिछड़ा मोर्चा 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में बड़े स्तर पर मनाने जा रहा है. पार्टी इस आयोजन को 'सबसे ऊंचे सरदार' की थीम से जोड़ रही है.

लखनऊ में आयोजित भाजपा पिछड़ा मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारी बैठक में मोर्चा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सरदार पटेल के योगदान को कमतर दिखाने की कोशिश की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' बनवाकर उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई.

प्रकाश पाल ने कहा कि सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों को जोड़कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे हकदार थे. उन्होंने दावा किया कि स्वतंत्रता के बाद नेतृत्व चयन के समय हुए घटनाक्रम कांग्रेस की राजनीतिक प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करते हैं.

उन्होंने कहा कि देश को एकजुट करने वाले सरदार पटेल का राजनीतिक कद कम करने की कोशिश की गई, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' स्थापित कर उन्हें वैश्विक सम्मान दिलाया.  यह प्रतिमा केवल कांस्य और लोहे से बनी संरचना नहीं, बल्कि कांग्रेस की उपेक्षा के मुकाबले राष्ट्रनायकों के सम्मान और राष्ट्रीय गौरव के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है.

98 जिलों में होंगे कार्यक्रम

भाजपा पिछड़ा मोर्चा के अनुसार 31 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 98 संगठनात्मक जिलों में सरदार पटेल के जीवन, राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

पार्टी कार्यकर्ता लोगों को सरदार पटेल की भूमिका और भारत के एकीकरण में उनके योगदान के बारे में जानकारी देंगे. भाजपा का कहना है कि यह सिर्फ जयंती मनाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी है.

चुनावी नजरिए से भी अहम

राजनीतिक तौर पर इस कार्यक्रम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उत्तर प्रदेश में कुर्मी समुदाय सरदार पटेल को अपना प्रमुख प्रेरणास्रोत मानता है. ऐसे में चुनाव से पहले पूरे प्रदेश में सरदार पटेल के नाम पर बड़े पैमाने पर अभियान चलाना भाजपा की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें | 'यूपी में 2027 का चुनाव लड़ना है', मर्डर केस के दोषी की दलील पर हाई कोर्ट ने लगा दी सजा पर रोक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Election, UP Election 2026, BJP, BJP Audio, BJP Protests
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com