विज्ञापन

हम जीत गए तो फिर मत रोना... भाजपा विधायक अनिल सिंह की वायरल वीडियो पर सफाई, बताया मकसद क्या था

अनिल सिंह ने कहा था- 'मेरा विरोध खुलकर करिए. इसे हम बुरा नहीं मानते. लेकिन फिर बाद में विरोध झेलने के लिए भी तैयार रहना. मान लो हरा नहीं पाए और हम फिर जीत गए तो यह मत रोना कि हम भैया ठाकुर हैं, हम भैया पंडित हैं या हम भैया लोधी हैं.'

हम जीत गए तो फिर मत रोना... भाजपा विधायक अनिल सिंह की वायरल वीडियो पर सफाई, बताया मकसद क्या था
  • उनका एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा था कि जीत गया तो पुरवा छोड़ देना
  • अनिल सिंह ने कहा कि उनका बयान संदर्भ से काटकर शेयर किया गया था और उन्होंने इसे वापस लेने से इंकार किया
  • उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी एक जाति को नहीं निशाना बनाया बल्कि सभी जातियों को जोड़कर बात की थी
लखनऊ:

उन्नाव की पुरवा सीट से विधायक अनिल सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें वह विरोधियों को चुनौती देते दिख रहे हैं कि यदि मुझे हरा नहीं पाए और मैं जीत गया तो रोना मत. इस पर अनिल सिंह ने सफाई दी है और कहा कि उनका बयान संदर्भ से काटकर शेयर किया गया था. एक छोटा हिस्सा उसका शेयर किया गया था. उन्होंने यह भी कहा कि मैं अपना बयान वापस नहीं लूंगा क्योंकि कुछ भी गलत नहीं कहा था. उन्होंने कहा कि मैंने किसी एक समाज के बारे में नहीं कहा था. मैंने सभी को जोड़ते हुए बात कही थी. 

अनिल सिंह ने कहा था- 'मेरा विरोध खुलकर करिए. इसे हम बुरा नहीं मानते. लेकिन फिर बाद में विरोध झेलने के लिए भी तैयार रहना. मान लो हरा नहीं पाए और हम फिर जीत गए तो यह मत रोना कि हम भैया ठाकुर हैं, हम भैया पंडित हैं या हम भैया लोधी हैं. हमारे साथ अन्याय विधायक जी कर रहे हैं. फिर दुश्मन तो दुश्मन, चाहे हमारे घर का हो या बाहर वाला हो. फिर अनिल सिंह बोल रहे हैं. तीन महीने का समय है, जुटो और निपटा दो. अगर न निपटा पाए तो पुरवा छोड़कर भाग जाना.'

इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल था. उन पर निशाना साधते हुए कहा जा रहा है कि उन्होंने विरोधियों को धमकी दी है. अब इसी पर अनिल सिंह ने सफाई भी दी है. उन्होंने शनिवार को कहा कि वह अपने बयान से पीछे नहीं हटेंगे. अनिल सिंह ने कहा कि किसी भी जाति का व्यक्ति हो, यदि वह भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाएगा या उनके साथ बदसलूकी करेगा तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दरअसल यह पूरा मामला अनिल सिंह बनाम उत्तम लोधी का है. उत्तम लोधी भाजपा के टिकट पर 2017 में चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे. वह इस बार फिर चुनाव में उतरना चाह रहे हैं. कई बार वह लोधी समाज की बात भी करते हैं. 

इलाके में लोधी समाज के वोट अच्छी संख्या में हैं. ऐसे में इसे ध्रुवीकरण की कोशिश के तौर पर भी देखा जाता है. वहीं अनिल सिंह का कहना है कि उत्तम लोधी सिर्फ जाति की राजनीति करते हैं और समाज के हित में काम नहीं किया. अनिल सिंह और उत्तम लोधी की राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चर्चे रहे हैं. पिछले दिनों उत्तम लोधी ने एक बयान दिया था, जिसमें कहा था कि हमने राजा बना दिया. इसे लेकर भी अनिल सिंह खफा बताए जाते हैं. अनिल सिंह ने कहा कि चुनाव में वोट न देना या किसी के खिलाफ चुनाव लड़ना हर व्यक्ति का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन कार्यकर्ताओं को धमकाना और उनके साथ अभद्रता करना विरोध नहीं, बदतमीजी है. 

विधायक ने ठाकुर, ब्राह्मण, पासी, लोधी और प्रजापति समेत कई जातियों का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने किसी एक समाज को निशाना नहीं बनाया है. अनिल सिंह ने कहा कि उनके बयान का वीडियो काटकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया. उन्होंने लोगों से पूरा वीडियो देखने की अपील करते हुए कहा कि वह सभी जातियों की बात कर रहे थे. उन्होंने दोहराया कि वह अपने बयान को वापस नहीं लेंगे. अनिल सिंह ने यह भी कहा कि मैंने अपने भाषण में गीता का प्रसंग दिया था. इसमें अर्जुन जब युद्ध में अपने ही परिजनों से लड़ने से हिचक रहे थे तो कृष्ण ने धर्म का मर्म समझाते हुए लड़ने का संदेश दिया था. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Anil Singh, BJP News, BJP MLA, UP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com