विज्ञापन

राजभर, निषाद और जयंत क्यों लगातार बढ़ा रहे भाजपा पर दबाव, कैसे खत्म होगा सीटों को लेकर तनाव?

सुभासपा ने सपा के साथ मिलकर 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था. माना जा रहा है कि भाजपा भी उन्हें इतनी ही सीटों पर थामने का प्रयास करेगी.

राजभर, निषाद और जयंत क्यों लगातार बढ़ा रहे भाजपा पर दबाव, कैसे खत्म होगा सीटों को लेकर तनाव?
  • विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर तीव्र खींचतान चल रही है
  • सुभासपा ने तीस से छत्तीस सीटें मांगी हैं जबकि निषाद पार्टी और रालोद की भी सीटों को लेकर मांगें बढ़ी हुई हैं
  • भाजपा सामाजिक न्याय के मुद्दे पर पीछे नहीं हटना चाहती इसलिए सहयोगी दलों की मांगें चुनौती बन रही हैं
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन को लेकर रस्साकशी का दौर जारी है. एक तरफ भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर खींचतान मची है तो वहीं दूसरी तरफ सपा और कांग्रेस में मोलभाव तेज है. यदि सपा को कांग्रेस ने बड़ी संख्या में सीटें मांग कर पसोपेश में डाला है तो वहीं भाजपा तो 4 दलों के साथ डील कर रही है. एक तरफ ओमप्रकाश राजभर की सुभासपा ने 30 से 36 सीटें मांग ली हैं तो वहीं निषाद पार्टी की भी कुछ ऐसी ही मांग बताई जाती है. फिर अनुप्रिया पटेल का अपना दल और पश्चिम जयंत चौधरी का रालोद भी अडजस्ट करना है. भाजपा के लिए इन चारों दलों को साथ लेकर विपक्ष को चारों खाने चित्त करना है और ये मंसूबे तभी पूरे होंगे, जब गठबंधन का सामंजस्य बना रहे. 

इस सामंजस्य में रोड़ा बन रही है सहयोगी दलों की मांग. अब सवाल है कि आखिर इन दलों ने इतनी मांग क्यों बढ़ा ली है और भाजपा के लिए साधना मुश्किल क्यों हो रहा है. इसकी मुख्य वजह यह भी मानी जा रही है कि फिलहाल भाजपा सामाजिक न्याय के मुद्दे पर पीछे नहीं दिखना चाहती. ऐसे में निषाद और राजभर समाज के लोगों के नाम पर दो सहयोगी दल तेवर दिखा रहे हैं. भाजपा के लिए गोरखपुर और आसपास के इलाकों में निषाद वोट तो वहीं पूर्वांचल के ही एक हिस्से में राजभर वोट जरूरी है. पर इन वोटों की कीमत पर सीटें कितनी दी जाएं, इसी बात की चिंता है. 

बात 2022 की करें तो सुभासपा ने सपा के साथ मिलकर 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था. माना जा रहा है कि भाजपा भी उन्हें इतनी ही सीटों पर थामने का प्रयास करेगी. इसके अलावा निषाद पार्टी पहले भी 10 सीटों पर लड़ी थी और एक दर्जन से ज्यादा मुश्किल ही मिलेंगी. यदि उसके सिंबल पर ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ा गया तो कुछ पर कैंडिडेट भाजपा कोटे के ही उतारे जा सकते हैं. लेकिन सबसे बड़ा पेच रालोद पर फंसेगा. समाजवादी पार्टी ने 2022 में उसे लड़ने के लिए 33 सीटें दी थीं. ऐसे में देखना होगा कि जयंत चौधरी को भाजपा कितने पर साध पाती है. 

किन जिलों में भाजपा की जरूरत बन गई है जयंत की रालोद

मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, सहारनपुर, बिजनौर, हापुड़ समेत पश्चिम यूपी के कई जिले हैं, जहां जाट वोटर चुनावी हवा तय करते हैं. इसलिए रालोद को सम्मानजनक सीटें देना जरूरी हो जाता है. जाट वोटरों के इस प्रभाव की कीमत रालोद ज्यादा सीटों से वसूलना चाहेगी. गैर-यादव ओबीसी वाला अपना समीकरण मजबूत बनाए रखने में जुटी भाजपा के लिए जमीन पर वोट जुटाने से लेकर नैरेटिव बनाने तक सहयोगी दल जरूरी हैं. ये सभी दल अलग-अलग सामाजिक वर्गों को साधते हैं. ऐसे में भाजपा गठबंधन दलों की संख्या में मजबूत दिखती है, लेकिन सहयोग का धागा टूटे नहीं, इसके लिए सीटों का बंटवारा सही से होना जरूरी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Om Prakash Rajbhar, Om Prakash Rajbhar News, Om Prakash Rajbhar News Today, India News, India News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com