अयोध्या के राम मंदिर का निर्माण कार्य आखिरकार 'शेषावतार मंदिर' के शिखर पर ध्वजारोहण के साथ मंगलवार को पूरा हो गया है. इस अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 4 हजार से ज्यादा लोगों ने भाग लिया. 11 साधु-संतों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजन कर शेषावतार मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया गया. लेकिन हैरानी की बात ये रही कि इस कार्यक्रम में कोई भी वीआईपी गेस्ट नहीं पहुंचा. यहां तक कि उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों में से भी कोई इस समारोह में नहीं पहुंचा. आखिर, क्यों इतना सूना-सूना रहा अयोध्या के राम मंदिर के निर्माण कार्य पूरा होने का समारोह, आइए आपको बताते हैं.
राम मंदिर के मुख्य परिसर में सभी मंदिरों का निर्माण हुआ पूरा
शेषावतार मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के साथ ही राम मंदिर में बनने वाले मंदिरों का कार्य पूरा हो गया है. अब सिर्फ प्रशासनिक ढांचे जैसे ऑडिटोरियम, ट्रस्ट मुख्यालय, श्रद्धालु सुविधा केंद्र आदि का ही निर्माण शेष रह गया है. बता दें कि राम मंदिर के मुख्य परिसर और उसके चारों ओर बने परकोटे में कई उप-मंदिर बनाए गए हैं. इनमें से लगभग सभी मंदिरों (जैसे गणेश मंदिर, सूर्य देव, माता अन्नपूर्णा, हनुमान मंदिर और शिव मंदिर) के शिखरों पर ध्वजारोहण का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है. शेषावतार मंदिर आखिरी ऐसा मंदिर बचा था, जिस पर मंगलवार को झंडा फहराने के साथ ही पूरे परिसर का ध्वजा स्थापना कार्य पूर्ण हो गया है.
4 हजार रामभक्त हुए शामिल, लेकिन...
भगवान श्रीराम के अनुज लक्ष्मण जी के मंदिर 'शेषावतार मंदिर' के शिखर पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम मंगलवार को हुआ, जिसमें लगभग 4 हजार रामभक्त पहुंचे. इस कार्यक्रम में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय भी मौजूद रहे. श्री राम मंदिर ट्रस्ट ने बताया, 'श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित शेषावतार मंदिर के शिखर पर आज अयोध्या धाम के पूज्य 11 संत चरणों ने ध्वज पूजन किया. अयोध्या महानगर एवं ग्रामीण के लगभग 4 हजार रामभक्त कार्यक्रम के शामिल हुए. इस दौरान जय श्रीराम के नारों से पूरी अयोध्या नगरी गूंज उठी.' हालांकि, इस कार्यक्रम में कोई वीआईपी गेस्ट शामिल नहीं हुआ है. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों डिप्टी सीएम भी इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए.
इन संतों ने किया ध्वज पूजन
- पूज्य महंत शशिकान्त दास जी महाराज
- पूज्य ज्ञानी गुरजीत सिंह जी
- पूज्य महंत रामानंद दास जी महाराज
- पूज्य जगद्गुरु रामदिनेशाचार्य जी महाराज
- पूज्य दिनेंन्द्र दास जी महाराज
- पूज्य महंत रामकुमार दास जी महाराज
- पूज्य रामानुजदास जी महाराज
- पूज्य महंत रघुबीरशरण जी महाराज
- पूज्य अधिकारी राजकुमार दास जी महाराज
- पूज्य महंत गिरीश दास जी महाराज
- महंत अवधेश दास शास्त्री जी महाराज
क्यों नहीं आए UP के डिप्टी सीएम?
शेषावतार मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य को आना था, लेकिन नहीं पहुंचे. दरअसल, सोमवार को लखनऊ में एक इमारत में लगी आग की घटना के बाद यूपी सरकार के मंत्रियों ने अपने सभी कार्यक्रम मंगलवार को रद्द कर दिये थे. इस आग की घटना में 15 लोगों की मौत हो गई है. सीएम योगी ने इस घटना के उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिये हैं. यही वजह रही कि राम मंदिर के इस कार्यक्रम में यूपी सरकार के मंत्री नहीं पहुंचे.
ये भी पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा चोरी की SIT रिपोर्ट सरकार को सौंपी, FIR और ट्रस्ट को दोबारा गठित करने की सिफारिश
जब राम मंदिर के कार्यक्रम में पहुंचे थे 8000 मेहमान
22 जनवरी 2024 को अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई, जिसमें लगभग 8000 मेहमान पहुंचे थे. इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संघ प्रमुख मोहन भागवत, यूपी के मुंख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल थे. क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, कंगना रनौत, आलिया भट्ट-रणबीर कपूर जैसे 500 से ज्यादा नामी लोग भी मौजूद थे. 1989 में पहला शिलान्यास करने वाले कामेश्वर चौपाल और आंदोलन से जुड़े कारसेवकों के परिवारों को भी इस कार्यक्रम में बुलाया गया था. 50 देशों के राजनयिक भी इस अवसर के साक्षी बने थे.
ये भी पढ़ें :- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बोले केजरीवाल, चंपत राय को क्यों बचाया जा रहा है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं