विज्ञापन
This Article is From Jan 18, 2023

इंडिगो की "इमरजेंसी एग्जिट मिस्टेक" पर घिरे भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या, विपक्ष ने की आलोचना

विभिन्न विपक्षी नेताओं ने सवाल किया कि इतनी गंभीर घटना को केवल माफी के साथ क्यों कवर किया गया? NDTV ने तेजस्वी सूर्या से उन रिपोर्ट्स के बारे में पूछा, जिनकी पुष्टि बीजेपी सांसद या उनके कार्यालय ने नहीं की है.

इंडिगो की "इमरजेंसी एग्जिट मिस्टेक" पर घिरे भाजपा नेता तेजस्वी सूर्या, विपक्ष ने की आलोचना
एक यात्री ने पिछले महीने चेन्नई हवाईअड्डे पर गलती से इंडिगो के एक विमान का आपातकालीन निकास खोल दिया था.
चेन्नई:

एक यात्री ने पिछले महीने चेन्नई हवाईअड्डे पर गलती से इंडिगो के एक विमान का आपातकालीन निकास खोल दिया था, लेकिन उसके माफी मांगने के बाद एयरलाइन ने कथित तौर पर कोई कार्रवाई नहीं की. इंजीनियरिंग जांच के बाद ही विमान ने अपने गंतव्य तिरुचिरापल्ली के लिए उड़ान भरी. हालांकि, इसके चलते उड़ान में देरी हुई. 

बीजेपी सांसद ने नहीं की पुष्टि

कथित तौर पर यह रिपोर्ट है कि वह यात्री भाजपा नेता तेजस्वी सूर्य थे. विपक्ष ने कर्नाटक के सांसद की इस घटना के लिए जमकर आलोचना की है. विभिन्न विपक्षी नेताओं ने सवाल किया कि इतनी गंभीर घटना को केवल माफी के साथ क्यों कवर किया गया? NDTV ने तेजस्वी सूर्या से उन रिपोर्ट्स के बारे में पूछा, जिनकी पुष्टि बीजेपी सांसद या उनके कार्यालय ने नहीं की है.

इंडिगो ने नहीं बताया है यात्री का नाम

इंडिगो ने कल एक बयान में कहा कि 10 दिसंबर को चेन्नई से तिरुचिरापल्ली जाने वाली उड़ान 6ई 7339 में यात्रा कर रहे एक यात्री ने बोर्डिंग प्रक्रिया के दौरान गलती से आपातकालीन निकास खोल दिया, जब विमान टारमैक पर था. रिपोर्टों से पता चलता है कि यात्री ने "दरवाजे पर अपना हाथ टिका दिया,"जिससे बाहर निकलने का ताला खुल गया. एयरलाइन ने कहा, "यात्री ने तुरंत इस घटना के लिए माफी मांगी. एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुसार, घटना दर्ज की गई और विमान को अनिवार्य इंजीनियरिंग जांच से गुजरना पड़ा, जिससे उड़ान में देरी हुई."  उड़ान में कथित तौर पर दो घंटे से अधिक की देरी हुई.

सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया : डीजीसीए

उड्डयन नियामक महानिदेशालय नागर विमानन (डीजीसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि घटना की विधिवत सूचना दी गई थी और सुरक्षा से समझौता नहीं किया गया था. उन्होंने कहा कि यात्री ने गलती से "दाहिने हाथ का आपातकालीन निकास" खोल दिया था. डीजीसीए के अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा, ''चालक दल ने इस पर ध्यान दिया और इसके परिणामस्वरूप विमान को प्रस्थान के लिए छोड़े जाने से पहले दरवाजे को फिर से लगाना, दबाव जांच जैसी सभी उचित कार्रवाई की गई. सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया गया.''

यात्री का नाम इंडिगो क्यों छिपा रहा : विपक्ष

चेन्नई एयरपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, तेजस्वी सूर्या तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख के अन्नामलाई के साथ फ्लाइट में थे. तमिलनाडु के एक मंत्री सेंथिल बालाजी ने पिछले महीने इस घटना का खुलासा किया था. अन्नामलाई ने भी कोई टिप्पणी नहीं की है. विपक्षी दलों ने पोस्ट की एक श्रृंखला में बेंगलुरू दक्षिण के सांसद पर निशाना साधा और यह जानने की मांग की कि यात्री का नाम इंडिगो क्यों छिपा रहा है?

जांच क्यों नहीं : कर्नाटक कांग्रेस

कर्नाटक कांग्रेस ने कहा, "तेजस्वी सूर्या इसका एक उदाहरण है कि अगर गेम खेलने वाले बच्चों को मालिकाना हक दे दिया जाए तो क्या होगा? विमान के आपातकालीन निकास द्वार को खोलने की कोशिश में बच्चे की शरारत सामने आई है. यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ क्यों?" कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा, "सांसद की मंशा क्या थी? क्या आपदा पैदा करने की योजना थी? माफी मांगने के बाद उन्हें पिछली सीट पर क्यों स्थानांतरित कर दिया गया." कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछा कि अगर उड़ान भरने के बाद यह घटना हुई होती तो किसे जिम्मेदार ठहराया जाता. विपक्षी दल ने पूछा, "इसकी जांच क्यों नहीं की जा रही है?" 

क्या माफी पर्याप्त : शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी

शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने पोस्ट किया, "क्या किसी को इस घटना का स्वत: संज्ञान नहीं लेना चाहिए? क्या होता अगर यह तब होता, जब विमान रनवे पर चलने के बजाय उड़ान भरने के दौरान होता? क्या माफी पर्याप्त होनी चाहिए?" कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने ट्वीटर पर पोस्ट डालकर इस घटना को इस साल राज्य में होने वाले चुनावों से जोड़ा. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, "सुरक्षित उड़ान भरने और उतरने के लिए हमेशा कांग्रेस के साथ उड़ान भरिए."

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक आज, PM मोदी ले सकते हैं बड़े फैसले

Microsoft और Amazon आज से कर्मचारियों की शुरू कर सकती हैं छंटनी : रिपोर्ट

पश्चिम बंगाल के मॉडल प्रश्न पत्र में कश्मीर पर विवाद, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बोले-"होगी कार्रवाई"


 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tejashwi Surya, Tejashwi Surya Latest News, Tejashwi Surya News, Tajaswi Surya Lndigo Incident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com