विज्ञापन
This Article is From May 17, 2024

पुलिस विभाग में भी अग्निवीर योजना लाने की भाजपा कर रही तैयारी : तेजस्वी यादव का बड़ा दावा

डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की ओर से भ्रष्टाचारी को ठोक कर जेल भेजने वाले बयान पर तेजस्वी ने कहा कि सभी भ्रष्टाचारियों को भाजपा में उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है, टिकट दिया जा रहा है और जो बलात्कारी हैं, उनको विदेश भाग दिया जा रहा है.

पुलिस विभाग में भी अग्निवीर योजना लाने की भाजपा कर रही तैयारी : तेजस्वी यादव का बड़ा दावा
पूर्व डिप्टी सीएम ने सरकार पर शिक्षकों को सताने के साथ-साथ मुसलमान और पिछड़ा समाज का शोषण करने का आरोप लगाया.
पटना:

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने केंद्र की बीजेपी सरकार को एक बार फिर निशाने पर लिया है. उन्होंने पुलिस विभाग में भी सेना की तरह अग्निवीर योजना लाने की मंशा रखने का बीजेपी पर आरोप लगाया है. पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पूरे देश भर में युवाओं के बीच जो सबसे बड़ा मुद्दा बन रहा है, वह अग्निवीर योजना है. हमारी अधिकारियों से बात हुई है. सरकार पुलिस में भी अग्निवीर योजना लाना चाहती है. केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले तो ओल्ड पेंशन स्कीम को खत्म कर दिया गया.

तेजस्वी यादव ने कहा कि साल 2000 में भाजपा सरकार ने ही सबसे पहले पेंशन खत्म किया था, इससे लोगों में काफी आक्रोश है. युवाओं में आक्रोश है, खासकर उन नौजवानों में जिन्हें 4 साल में ही बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा.

उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने पर इन युवाओं को शहीद का दर्जा भी नहीं दिया जाएगा. इस युवाओं को ना पेंशन का लाभ मिलेगा और ना ही कैंटीन की सुविधा मिलेगी. देश के नौजवानों को सताने वाला काम किया जा रहा है, तंग किया जा रहा है, परेशान किया जा रहा है.

पूर्व डिप्टी सीएम ने सरकार पर शिक्षकों को सताने के साथ-साथ मुसलमान और पिछड़ा समाज का शोषण करने का आरोप लगाया. वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की ओर से भ्रष्टाचारी को ठोक कर जेल भेजने वाले बयान पर तेजस्वी ने कहा कि सभी भ्रष्टाचारियों को भाजपा में उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है, टिकट दिया जा रहा है और जो बलात्कारी हैं, उनको विदेश भाग दिया जा रहा है.

बता दें, सम्राट चौधरी ने कहा था कि भ्रष्टाचार करने वाले लोग भाजपा से परेशान हैं. सभी भ्रष्टाचारियों को ठोक के जेल में डालूंगा, जो भ्रष्टाचार करेंगे, उसे कोई बचा नहीं सकता है. पीएम मोदी की गारंटी है, सीएम केजरीवाल, हेमंत सोरेन, लालू यादव सबको जेल में ही रहना है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tejashwi Yadav, Bihar, Lok Sabha Elections 2024, Agniveer Scheme
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com