बिहार के समस्तीपुर जिले में तस्करों ने शराब और बीयर की तस्करी का नया तरीका खोज निकाला. अमेजन से मछली का दाना ऑर्डर करके बीयर और शराब मंगाई जा रही थी, लेकिन डिलिवरी से पहले ही भंडाफोड़ हो गया. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत जितवारपुर निजामत स्थित एक कुरियर कंपनी के वेयर हाउस से भारी मात्रा में बीयर और शराब की बोतलें बरामद हुई. बरामद बीयर और शराब की कुल मात्रा 314.1 लीटर आंकी गयी है, जिसमें 252 लीटर बीयर और 62.1 लीटर विदेशी शराब शामिल है. शराब की यह खेप मुंबई से अमेजन के माध्यम से कथित मछली दाना के नाम पर बुकिंग करके कुरियर के माध्यम से मंगाई गई थी.
अनलोडिंंग के दौरान पकड़ा
शनिवार रात अमेजन (ऑनलाइन शापिंग कंपनी) के डिलिवरी सर्विस पार्सल पार्टनर विंग के आफिस में सामान की अनलोडिंग करते समय इसका पता चला. इस दौरान एक डब्बे से शराब जैसी महक आने पर कर्मचारी ने टीम लीडर को सूचना दी. इसके बाद चैनल टीम लीडर केशव कुनाल सिन्हा ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. सूचन पर पहुंची मुफस्सिल थाने की पुलिस ने 20 बड़े-बड़े प्लास्टिक के डब्बे से भारी मात्रा में बीयर और शराब की बोतलें बरामद किया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शराब भेजने वाले और मंगाने वाले दोनों व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया. कूरियर कंपनी के चैनल टीम लीडर केशव कुनाल सिन्हा ने मुफस्सिल थाने में मामला दर्ज कराया. FIR में दोनों के नाम, पता और मोबाइल नंबर को आधार बनाया गया है. मुंबई के रहने वाले सेलर आदर्श कुमार और गुंजेश कुमार को आरोपी बनाया गया है.
पुलिस ने शराब को कब्जे में लिया
मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. बिहार में पूरी तरह शराबबंदी लागू है, इसके बावजूद इस तरह से कुरियर सेवा का उपयोग कर शराब मंगाने की कोशिश कानून का उल्लंघन है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. उन्होंने बताया कि इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
समस्तीपुर से अविनाश कुमार की रिपोर्ट...
यह भी पढ़ें: जल्द खत्म होगा या लंबा चलेगा... ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका उपराष्ट्रपति वेंस ने बढ़ाई कनफ्यूजन!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं