विज्ञापन

29 दिन में शिमला पहुंचीं 7.8 लाख गाड़ियां, जाम से बचने के लिए हिमाचल पुलिस ने बताया ये शानदार 'शॉर्टकट'

क्या आप भी शिमला घूमने का प्लान बना रहे हैं? तो यह खबर आपके लिए ही है. पिछले 29 दिनों में 7.8 लाख गाड़ियां शिमला पहुंची हैं. जाम और भीड़ से बचने के लिए पुलिस ने पर्यटकों को एक खास 'शॉर्टकट' बताया है.

29 दिन में शिमला पहुंचीं 7.8 लाख गाड़ियां, जाम से बचने के लिए हिमाचल पुलिस ने बताया ये शानदार 'शॉर्टकट'
मनाली में गाड़ियों की लंबी लाइनें लगने की तस्वीरें इस वक्त वायरल हैं.
PTI

Shimla News: गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही पहाड़ों की रानी शिमला (Shimla) पर्यटकों से गुलजार हो गई है. आलम यह है कि शोघी, बिलासपुर और किन्नौर जैसे एंट्री पॉइंट्स से पिछले 29 दिनों में 7 लाख 80 हजार से ज्यादा गाड़ियां शिमला पहुंच चुकी हैं. इतनी गाड़ियां देखकर किसी के भी दिमाग में घंटों लंबे ट्रैफिक जाम की तस्वीर बन जाएगी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है. शिमला पुलिस का दावा है कि भारी भीड़ के बावजूद ट्रैफिक एकदम स्मूथ चल रहा है. हालांकि मनाली साइड से गाड़ियों की लंबी कतारों वाली तस्वीर इस वक्त खूब वायरल हो रही हैं.

अगर आप भी आने वाले दिनों में अपनी गाड़ी उठाकर शिमला जाने का प्लान बना रहे हैं, तो शिमला के एडिशनल एसपी (ASP) अभिषेक ने पर्यटकों के लिए एक शानदार 'शॉर्टकट' और कुछ जरूरी टिप्स शेयर किए हैं, जो आपका काफी समय बचाएंगे.

हिमाचल प्रदेश में 3 दिन से बारिश हो रही है. आज भी 10 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी है. इसके बावजूद यहां पर्यटकों की भरमार है.

हिमाचल प्रदेश में 3 दिन से बारिश हो रही है. आज भी 10 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी है. इसके बावजूद यहां पर्यटकों की भरमार है.
Photo Credit: PTI

जाम से बचना है तो पकड़ें ये 'शॉर्टकट'

अक्सर पर्यटक शिमला शहर के बीचों-बीच (सिटी सेंटर) घुस जाते हैं और संकरी सड़कों पर जाम में फंस जाते हैं. ASP अभिषेक ने पर्यटकों से अपील की है कि वे शोघी-मैहली बाईपास (Shoghi-Mehli Bypass) का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें. उन्होंने बताया, 'हम पर्यटकों से शोघी-मैहली बाईपास का इस्तेमाल करने की रिक्वेस्ट कर रहे हैं. इससे न सिर्फ शहर में भीड़ कम होती है, बल्कि आपका सफर का काफी समय भी बचता है. पिछले एक महीने में हर दिन 800 से 900 गाड़ियां इस बाईपास से गुजर रही हैं और लोगों का फीडबैक बहुत शानदार रहा है.'

पहाड़ों पर GPS दे सकता है धोखा

अगर आप गूगल मैप या किसी और नेविगेशन ऐप के भरोसे शिमला की संकरी गलियों में गाड़ी डाल रहे हैं, तो सावधान हो जाएं. एएसपी ने बताया कि कई बार मैप्स सबसे सही रास्ता नहीं दिखा पाते. पर्यटकों की सुविधा के लिए शिमला पुलिस अब सोशल मीडिया का सहारा ले रही है. हाल ही में पुलिस ने मशहूर जाखू मंदिर (Jakhu Temple) जाने के सही रास्ते का एक वीडियो जारी किया है. आने वाले दिनों में शिमला की दूसरी प्रमुख जगहों के लिए भी ऐसे ही वीडियो जारी किए जाएंगे ताकि लोग बिना भटके सही रास्ते से अपनी मंजिल तक पहुंच सकें.

पुलिस ने कैसे किया इतने बड़े ट्रैफिक को मैनेज?

पंचायत चुनाव और पीक टूरिस्ट सीजन एक साथ होने के बावजूद पुलिस ने एक खास रणनीति से ट्रैफिक को जाम होने से बचाया है:- 

  1. पुलिस ने जगह-जगह ट्रैफिक राइडर्स तैनात किए हैं, जो बाइक पर होते हैं और कहीं भी जाम लगने की स्थिति में तुरंत पहुंचकर ट्रैफिक खुलवाते हैं.
  2. पूरे शिमला शहर को 5 अलग-अलग सेक्टर्स में बांट दिया गया है और हर सेक्टर की जिम्मेदारी एक गजेटेड ऑफिसर को दी गई है.
  3. अहम जगहों पर पुलिस की इंटरसेप्टर गाड़ियां तैनात हैं. इसके अलावा NCC कैडेट्स और सिविक वॉलंटियर्स भी ट्रैफिक संभालने में पुलिस की मदद कर रहे हैं.

पुलिस ने साफ किया है कि चाहे जितनी भी गाड़ियां शिमला आएं, वे ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. बस पर्यटकों से इतनी ही गुजारिश है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित सफर का आनंद लें.

ये भी पढ़ें:- हिमाचल नगर निगम चुनाव में BJP को बंपर जीत, धर्मशाला, मंडी, सोलन में खिला कमल, पालमपुर में बची कांग्रेस की लाज

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com