बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों के परिणाम बुधवार को तड़के चार बजे के बाद घोषित हो गए. इस चुनाव में नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) को साफ बहुमत मिल चुका है. सबसे अंत में एक सीट का परिणाम घोषित हुआ जिस पर जनता दल यूनाईटेड (JDU) ने जीत हासिल की. एनडीए को 125 और महागठबंधन (Mahagathbandhan) को 110 सीटें मिली हैं. एनडीए ने 125 सीटें जीतकर बहुमत का जादुई आंकड़ा प्राप्त कर लिया. तेजस्वी यादव की आरजेडी 75 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बन गई है. बीजेपी 74 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है. चुनाव आयोग (Election Commission) से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिहार में सत्ताधारी एनडीए में शामिल बीजेपी ने 74 सीटों पर, जेडीयू ने 43 सीटों पर, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) ने चार सीटों पर और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है.
दूसरी तरफ विपक्षी महागठबंधन में शामिल आरजेडी (RJD) ने 74 सीटों पर, कांग्रेस (Congress) ने 19 सीटों पर, भाकपा माले (CPI ML) ने 12 सीटों पर, भाकपा (CPI) एवं माकपा (CPM) ने दो-दो सीटों पर जीत हासिल की है. इस चुनाव में एआईएमआईएम (AIMIM) ने 5 सीटें, लोजपा (LJP) एवं बसपा (BSP) ने एक-एक सीट जीती है. एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार जीतने में सफल रहा है.