विज्ञापन
This Article is From Oct 06, 2025

बिहार में चुनाव का हुआ ऐलान, NDA और महागठबंधन को क्या फंसाएंगे प्रशांत और तेज प्रताप, समझिए 2020 vs 2025

Bihar Election 2025: बिहार चुनाव में चुनावों का ऐलान हो गया है. सभी दलों की धड़कने बढ़ी हुई हैं. हर दल को इस बार मौका दिख रहा है. बीजेपी, आरजेडी, जेडीयू के साथ-साथ चिराग पासवान, प्रशांत किशोर, तेज प्रताप और मुकेश सहनी भी इस चुनाव में अपनी बड़ी भूमिका देख रहे हैं.

बिहार में चुनाव का हुआ ऐलान, NDA और महागठबंधन को क्या फंसाएंगे प्रशांत और तेज प्रताप, समझिए 2020 vs 2025
  • इस साल बिहार में दो चरण- 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा. नतीजों का ऐलान 14 नवंबर को किया जाएगा.
  • प्रशांत किशोर ने जन सुराज पार्टी बनाई है और तेज प्रताप यादव ने जनशक्ति जनता दल का गठन किया है.
  • 2020 के बिहार चुनाव में चिराग पासवान और मुकेश सहनी बागी हो गए थे. इसका नतीजा भी देखने को मिला था.

Bihar Election Date Annoncement: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा हो गई है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बिहार में मतदान दो फेज 6 नवंबर और 11 नवंबर को होंगे. मतगणना 14 नवंबर को होगी. बिहार की जनता की उम्मीदें आसमान पर हैं. इस बार के चुनाव में भी एनडीए की तरफ से नीतीश कुमार दमखम के साथ सीएम उम्मीदवार हैं. वहीं महागठबंधन ने अब तक किसी को सीएम फेस घोषित नहीं किया है. आरजेडी जरूर तेजस्वी यादव को सीएम फेस बता रही है और उसके नारों में भी तेजस्वी यादव ही हैं, लेकिन महागठबंधन में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस की चुप्पी इस पर कायम है. असदुद्दीन ओवैसी इस बार भी बिहार में हैं और धोखे का हिसाब मांग रहे हैं.

लेकिन इस बार के चुनाव में कुछ नया भी है. प्रशांत किशोर यानी पीके और तेज प्रताप यादव. पीएम और सीएम बनाने की रणनीति बनाने वाले पीके अब जन सुराज नाम की पार्टी बना चुके हैं. गांव-गांव का पैदल दौरा कर चुके हैं और लोगों को समझा रहे हैं कि एनडीए और महागठबंधन ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया. वहीं लालू यादव के बड़े लाल तेज प्रताप यादव परिवार के साथ पार्टी से भी निकाले जाने के बाद नई पार्टी जनशक्ति जनता दल बना चुके हैं. मतलब अब वो आरजेडी वाले नहीं जेजेडी वाले हो गए हैं और वो भी उसके सुप्रीमो.

तेज प्रताप और प्रशांत किशोर ने बढ़ाई रौनक

Latest and Breaking News on NDTV

इन दो चेहरों ने बिहार विधानसभा चुनाव में नई रौनक ला दी है. जीत-हार के समीकरण नये सिरे से गढ़े जा रहे हैं. विकास की नई उम्मीद लिए युवा और पढ़ा-लिखा तबका प्रशांत किशोर की तरफ देख रहा है. देख तो गरीबी में जकड़ा आम इंसान भी रहा है. हालांकि, वोटों में ये आकर्षण कितना तब्दील हो पाएगा, ये चुनाव बाद ही पता लग पाएगा. वहीं तेज प्रताप अपने पिता लालू यादव और उनकी पार्टी के मूल कैडर यादव प्लस मुस्लिम में एक और तड़का हिंदू जोड़ बड़ी उम्मीद लगाए बैठे हैं. तेज प्रताप का तो जाहिर है कि वो तेजस्वी यादव को डेंट करेंगे, मगर प्रशांत किशोर को लेकर एनडीए और महागठबंधन दोनों पशोपेश में हैं. 

चिराग पासवान और मुकेश सहनी का 2020

Latest and Breaking News on NDTV

हालांकि, वोट कटने और पशोपेश का ये पहला चुनाव नहीं है. 2020 के विधानसभा चुनाव को याद कीजिए तो चिराग पासवान बागी हो गए थे. वो खुद को मोदी का हनुमान बताते और नीतीश कुमार के खिलाफ अपने कैंडिडेट उतारकर उन्हें चुनौती दे रहे थे. नतीजा नीतीश कुमार की पार्टी महज 43 सीटों पर ही चुनाव जीत पाई. जीत तो चिराग पासवान भी नहीं पाए.  हां, उन्होंने नीतीश कुमार का नुकसान बड़ा कर दिया. नुकसान इतना बड़ा था कि उनकी पार्टी तीसरे नंबर पर पहुंच गई और उन्होंने सीएम बनने तक से इनकार कर दिया. मगर पीएम मोदी के समझाने पर वो सीएम बने. 2020 में चिराग पासवान की तरह मुकेश सहनी भी बागी हुए थे. वो भी लाइव प्रेस कांफ्रेंस में. महागठबंधन की तरफ से सीट बंटवारे का ऐलान प्रेस कांफ्रेंस में किया जा रहा था और मन-मुताबिक सीट नहीं मिलने पर वहां से उठकर सीधे एनडीए में चले गए और उस तरफ से उनकी पार्टी वीआईपी ने चुनाव लड़ा.  

2020 बिहार चुनाव की खास बातें 

Latest and Breaking News on NDTV
  • बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में तीन चरणों में हुआ था. पहले चरण में 71 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव हुआ. दूसरे चरण में 94 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव हुआ और तीसरे चरण में 78 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव हुआ. वोटों की गिनती 10 नवंबर को हुआ.
  • पहले चरण के चुनाव का गजट नोटिफिकेशन 1 अक्टूबर को जारी किया गया था. नामांकन करने की आखिरी डेट 8 अक्टूबर थी. नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 12 अक्टूबर थी. पहले चरण की वोटिंग 28 अक्टूबर को थी. 
  • दूसरे चरण के चुनाव का गजट नोटिफिकेशन 9 अक्टूबर को जारी किया गया था. नामांकन करने की आखिरी डेट 16 अक्टूबर थी. नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 19 अक्टूबर थी. दूसरे चरण की वोटिंग 3 नवंबर को थी. 
  • तीसरे चरण के चुनाव का गजट नोटिफिकेशन 13 अक्टूबर को जारी किया गया था. नामांकन करने की आखिरी डेट 20 अक्टूबर थी. नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 23 अक्टूबर थी. तीसरे चरण की वोटिंग 7 नवंबर को थी. 
  • बीजेपी, जेडीयू, हम, वीआईपी वाले एनडीए गठबंधन को 125 सीटें और आरजेडी, कांग्रेस और वामदलों के गठबंधन को 110 सीटें मिली थीं.
  • आरजेडी 75, बीजेपी 74, जेडीयू 43, कांग्रेस 19, अन्य को 32 सीटें मिलीं. अन्य में सीपीआईएमएल 12, एआईआईएम 5, सीपीआई 2 सीपीएम 2, बसपा 1, हम 4, लोजपा 1, वीआईपी 4 सीटें मिलीं.
Latest and Breaking News on NDTV
Latest and Breaking News on NDTV

हालांकि, सहनी चुनाव बाद फिर एनडीए से अलग हो गए और अब महागठबंधन में हैं. वहां 60-70 सीट और सरकार बनने पर डिप्टी सीएम की मांग कर रहे हैं. चिराग अब भी एनडीए में रहते-रहते बागी रुख अपना लेते हैं. वो भी ज्यादा सीटों के लिए दबाव बनाए हुए हैं. मांझी को भी अपनी पार्टी को राष्ट्रीय दर्ज दिलाने के लिए 10 सीटें चाहिए. वहीं कांग्रेस के तेवर इस बार  सभी को चौंका रहे हैं. उसने डेढ़ दर्जन उम्मीदवारों के नाम भी तय कर लिए. दल बदलने वालों का भी तांता लगा हुआ है. तेज प्रताप या पीके में से किसके साथ ओवैसी जाते हैं और कौन सी पार्टी आखिरी क्षण में कब पाला बदलेगी, ये अगले कुछ दिनों में पता लग जाएगा. फिलहाल, चुनाव की घोषणा होते ही बिहार का तापमान बढ़ना तय है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bihar Election Date Annoncement, Will Prashant Kishor Damage Bjp, Will Prashant Kishor Damage Rjd, Will Tej Pratap Damage Tejashwi, Bihar Election Analysis 2020 To 2025
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com