- बेंगलुरु में भारी बारिश के कारण जलभराव और पेड़ गिरने से जनजीवन और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई
- शिवाजीनगर-कमर्शियल स्ट्रीट जंक्शन के पास 17 वर्षीय छात्र सूफियान को बिजली का करंट लगने से मौत हुई
- बॉरिंग एंड लेडी कर्जन अस्पताल की दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हुई, जिसमें एक छह साल की बच्ची भी शामिल थी
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बारिश इस बार काल बनकर आई. जगह-जगह जलभराव और आफत बनकर आई बरसात ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. इस बीच एक दर्दनाक खबर भी सामने आई है. भारी बारिश के दौरान एक 17 साल के छात्र सूफियान की करंट लगने से मौत हो गई. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.
कैसे घटी घटना?
यह दुखद घटना बेंगलुरु शहर के सबसे व्यस्त शॉपिंग हब में से एक, शिवाजीनगर-कमर्शियल स्ट्रीट जंक्शन के पास हुई है. सूफियान अपने परिवार के साथ शॉपिंग करने गया था. वह अपनी बाइक पार्क करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका संपर्क बिजली के खंभे के पास मौजूद नंगे तार से हो गया.करंट इतना जोरदार था कि सूफियान की मौके पर ही मौत हो गई. वहां मौजूद उसका परिवार और राहगीर चाहकर भी उसकी मदद नहीं कर सके क्योंकि पानी और सक्रिय करंट के कारण उसे छूना जानलेवा था.
भारी बारिश ने बेंगलवुरु ने मचाई तबाही
भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण पेड़ उखड़ गए, कई प्रमुख इलाकों में जलभराव हो गया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. तेज बारिश के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए और निचले इलाकों में पानी भर गया. कई सड़कें जलमग्न होने के कारण आवागमन ठप हो गया, जिससे व्यस्त समय में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ.
मूसलाधार बारिश के दौरान बॉरिंग एंड लेडी कर्जन अस्पताल की एक दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह साल की एक बच्ची भी शामिल है.अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में दो लोग केरल के थे, जो अध्ययन दौरे पर आए थे. वे दीवार के पास शरण लिए हुए थे, तभी दीवार गिर गई.एक अन्य घटना में 35 वर्षीय रघु की बैनरघट्टा रोड स्थित वेगा सिटी मॉल के पास करंट लगने से मौत हो गई.
पुलिस ने बताया कि यारब नगर में एक अन्य घटना में छात्र सैयद सुफियान की बारिश के दौरान मोटरसाइकिल खड़ी करते समय बिजली के तार के संपर्क में आने से मौत हो गई. चामराजपेट में भी एक हादसे में मंजुनाथ नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जब तूफान के दौरान घर की छत का एक हिस्सा अचानक ढह गया.
अचानक हुई इस बारिश ने पूरे शहर में भारी नुकसान पहुंचाया. पुलिस ने बताया, ‘‘अब तक बारिश से जुड़े हादसों में 10 लोगों की मौत हो चुकी है।'' इन हादसों में दीवार गिरना, करंट लगना और ढांचागत नुकसान शामिल हैं. नगर निकाय के अनुसार, बेंगलुरु में कम से कम 87 पेड़ उखड़ गए और 131 शाखाएं टूट गईं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ.
यह भी पढ़ें- IIT में सोचा, बेंगलुरु स्टार्टअप में बनाया, मस्क के रॉकेट से जा रहा सैटेलाइट चीन-पाकिस्तान को करेगा बेचैन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं