बाबा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने NDTV पर बातचीत में अपनी शादी को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके घर आए थे, तब उन्होंने उनकी माताजी को प्रणाम किया और कहा था, "माताजी, मैं आज हनुमान जी के दर्शन करके आया हूं. आप चिंता मत कीजिए, आज से मैं आपका बड़ा बेटा हूं और धीरेंद्र मेरा छोटा भाई है."
धीरेंद्र शास्त्री के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उनकी माताजी से मजाकिया अंदाज में कहा था कि उन्होंने उनकी "पर्ची" भी बना दी है और उन्हें पता है कि वह अपने छोटे बेटे की शादी को लेकर चिंतित हैं. उन्होंने आश्वासन दिया था कि अब यह चिंता दूर हो जाएगी.
शादी को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, "हम शादी के विरोधी नहीं हैं. हमारे कुछ संकल्प अभी बाकी हैं, लेकिन मैं आज भी शादी के लिए तैयार हूं."
उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल शादी को लेकर कुछ तय नहीं हुआ है, लेकिन यह जरूर होगी. उनकी माता भी इस दिशा में प्रयास कर रही हैं. उन्होंने कहा, "हमने संकल्प लिया है कि जैसे ही बागेश्वर धाम में कैंसर अस्पताल का निर्माण पूरा होगा, उसके बाद हम गृहस्थ जीवन में प्रवेश करेंगे."
अपनी भावी पत्नी के बारे में बात करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि उनके लिए यह मायने नहीं रखता कि वह कहां की हैं या उनकी शैक्षिक योग्यता क्या है. उन्होंने कहा, "सुंदरता से ज्यादा समझदारी जरूरी है. हमें ऐसी जीवनसंगिनी चाहिए जो हमारे जीवन, परिस्थितियों और परिवार को समझ सके. वह हमारे रास्ते में बाधा बनने वाली नहीं, बल्कि साधक बने.
यह भी पढ़ें-
यूपी के युवाओं के लिए खुले जपान के दरवाजे, यामानाशी प्रांत उत्तर प्रदेश को बनाएंगे ग्रीन एनर्जी हब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं