विज्ञापन

सोना, चांदी, फ्लैट और कई गाड़ियां जब्त... विजयवाड़ा में सरकारी अफसर की करोड़ों की धांधली का खुलासा

आंध्र प्रदेश एसीबी ने विजयवाड़ा में एंडोमेंट्स विभाग की सहायक आयुक्त कलिंगीरी शांति को आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार किया है. छापों में फ्लैट, जी+2 इमारत, करीब 770 ग्राम सोना, चांदी, नकद और बैंक जमा मिलाकर कई करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है.

सोना, चांदी, फ्लैट और कई गाड़ियां जब्त... विजयवाड़ा में सरकारी अफसर की करोड़ों की धांधली का खुलासा

आंध्र प्रदेश एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एंडोमेंट्स विभाग की सहायक आयुक्त कलिंगीरी शांति को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया है. एसीबी ने 7 अप्रैल को विजयवाड़ा और विशाखापत्तनम में एक साथ छापेमारी कर कई करोड़ रुपये की चल‑अचल संपत्तियों का खुलासा किया.

एसीबी अधिकारियों के मुताबिक, शांति द्वारा ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति जमा करने की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद विजयवाड़ा रेंज की ACB टीम ने मामला दर्ज कर चार ठिकानों पर छापे मारे. इनमें अभियुक्त का आवास, उनकी मां की गारमेंट शॉप, बहन का घर और विशाखापत्तनम स्थित एक अन्य संपत्ति शामिल है.

करोड़ों की संपत्ति बरामद

छापेमारी के दौरान जांच अधिकारियों को कई अहम दस्तावेज मिले और बड़ी मात्रा में संपत्ति का ब्यौरा सामने आया. ACB ने विशाखापत्तनम में एक रिहायशी फ्लैट, विजयवाड़ा में जी+2 इमारत, करीब 770 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग 3 किलोग्राम चांदी, 1.15 लाख रुपये नकद, और करीब 3 लाख रुपये के बैंक जमा का पता लगाया. इसके अलावा एक वोल्क्सवैगन पोलो कार, एक मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य कीमती सामान भी जब्त किए गए.

यह भी पढ़ें- बेहोशी के इंजेक्शन का ओवरडोज देकर डॉक्टर पत्नी को मार डाला, गर्लफ्रेंड को भेजे मैसेज से खुला कातिल का राज, कोर्ट में सामने आए सबूत

निलंबित थीं कलिंगीरी

कलिंगीरी शांति की भर्ती वर्ष 2020 में आंध्र प्रदेश लोक सेवा आयोग (APPSC) के माध्यम से हुई थी. उन्होंने विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा में अपनी सेवाएं दी थीं. अधिकारियों के अनुसार, वह जुलाई 2024 से मार्च 2026 तक निलंबन में थीं और छापेमारी के समय नई पोस्टिंग का इंतजार कर रही थीं.

अरेस्ट कर भेजा गया जेल

ACB ने शांति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(b) के तहत मामला दर्ज किया है, जो लोक सेवकों के पास आय से अधिक संपत्ति पाए जाने से संबंधित है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें विजयवाड़ा स्थित ACB मामलों की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 21 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. बाद में उन्हें जिला जेल स्थानांतरित कर दिया गया.

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि जब्त संपत्तियों का मूल्यांकन और आगे की तलाशी अभी जारी है. जांच बढ़ने के साथ‑साथ संपत्तियों की कुल कीमत और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com