विज्ञापन

'मुर्दा' लौट आई जिंदा, बेगुनाह देवर 10 महीने से काट रहा था जेल, बिहार पुलिस की ऐसे खुली पोल

कटिहार में पुलिस की बड़ी लापरवाही के कारण एक बेगुनाह शख्स 10 महीने से उस महिला की हत्या के जुर्म में जेल काट रहा है, जो बाद में जिंदा मिली है.

'मुर्दा' लौट आई जिंदा, बेगुनाह देवर 10 महीने से काट रहा था जेल, बिहार पुलिस की ऐसे खुली पोल
  • बिहार के कटिहार जिले में पुलिस की लापरवाही से एक बेगुनाह युवक को 10 महीने तक हत्या के आरोप में जेल में रखा गया
  • लख्खी देवी नामक महिला दस महीने पहले लापता हुई थी और पुलिस ने बिना शव के हत्या का मामला दर्ज किया था
  • पुलिस ने महिला के चचेरे देवर राजेश यादव को जबरन कबूलनामे के आधार पर जेल भेज दिया था जो दस महीने तक बंद रहा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

कानून अंधा होता है, यह कहावत आपने जरूर सुनी होगी. लेकिन बिहार के कटिहार जिले में यह कहावत नहीं बल्कि एक सच्ची घटना है. जहां पुलिस की एक बड़ी लापरवाही ने एक बेगुनाह की जिंदगी के 10 बेशकीमती महीने सलाखों के पीछे धकेल दिए. जिस महिला की 'हत्या' के जुर्म में पुलिस ने चचेरे देवर को जेल भेजा और महीनों तक खाक छानी, वह महिला न केवल जिंदा है, बल्कि अपने प्रेमी के साथ जीवन बिता रही थी. महिला के जिंदा होने की खबर मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

10 महीने पहले गायब हुई थी महिला

जानकारी के अनुसार, यह मामला कटिहार के आजमनगर थाना क्षेत्र के कुशहा गांव का है. करीब 10 महीने पहले गांव की ही एक महिला लख्खी देवी अचानक लापता हो गई. काफी खोजबीन के बाद जब महिला का पता नहीं चला तो उसके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का शक जताया. पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया. महिला के परिजनों की तहरीर पर चचेरे देवर राजेश यादव के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज हुआ.

जेल में सजा काट रहा देवर

हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने बिना किसी शव की बरामदगी के इस मामले को हत्या मान लिया. राजेश के परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उन पर दबाव बनाया और जबरन कबूलनामे के आधार पर जेल भेज दिया. उस वक्त पुलिस ने दावा किया था कि महिला की हत्या कर शव को महानंदा नदी में फेंक दिया गया था. राजेश पिछले 10 महीनों से पूर्णिया जेल में बंद था.

ऐसे हुआ 'जिंदा' होने का खुलासा

मामले में नाटकीय मोड़ तब आया जब आजमनगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि लख्खी देवी मरी नहीं है, बल्कि सुधानी थाना क्षेत्र के दोगज गांव में अपने प्रेमी के साथ छिपकर रह रही है. पुलिस ने जब वहां छापेमारी की, तो लख्खी देवी को सही-सलामत बरामद कर लिया गया. महिला के जिंदा मिलते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

जांच अधिकारी पर होगा एक्शन

कटिहार के एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि इस मामले में अपहरण का केस दर्ज कराया गया था. महिला के देवर पर हत्या का आरोप लगा था और जेल भेजा गया था. 10 महीने बाद महिला को बरामद किया गया है. इस मामले में जांच अधिकारी की लापरवाही सामने आई है. पुलिस जांच कर रही है. लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा जिन लोगों ने शिकायत दर्ज कराई थी उन पर भी कार्रवाई होगी.

यह भी पढ़ें: दिल दहला देने वाला हादसा; नबरंगपुर में तालाब में डूबकर तीन स्कूली बच्चियों की मौत, गांव में मातम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com