पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद आज जनादेश का दिन है. 15 मार्च को चुनावी ऐलान के बाद 50 दिनों तक जो सियासी घमासान चला, उसके बाद बंगाल, तमिलनाडु, केरलम, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आएंगे. मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी. सबकी निगाहें 294 सीटों वाले बंगाल पर होंगी, जहां ज्यादातर एग्जिट पोल द्वारा 15 साल से सत्ता में काबिज तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी में कांटे की टक्कर से सियासी पारा चरम पर है. बंगाल के पहले चरण में रिकॉर्ड 93% और दूसरे चरण में 90 फीसदी मतदान ने भी मुकाबला बेहद दिलचस्प बना दिया है. 234 सीटों वाली तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की बात करें तो डीएमके स्टालिन की अगुवाई में सत्तारूढ़ डीएमके गठबंधन की सरकार बरकरार रहने के आसार ज्यादातर एग्जिट पोल ने जताए हैं. असम में बीजेपी हैट्रिक तो केरलम में कांग्रेस 10 साल के वनवास के बाद सत्ता में वापसी की उम्मीद देख रही है.
बंगाल विधानसभा चुनाव: बीजेपी, टीएमसी में कांटे की टक्कर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान के आदेश के बाद 293 सीटों के नतीजे आएंगे.देखना होगा कि क्या लेफ्ट की तरह ही तृणमूल कांग्रेस को 15 साल सरकार के बाद वहां चौथी बार सरकार बनाने का जनादेश मिलता है या फिर बीजेपी बड़ा बदलाव लेकर आएगी. बंगाल में द्विध्रुवीय मुकाबले से 2021 विधानसभा चुनाव लेफ्ट और कांग्रेस शून्य पर पहुंच गए थे. बंगाल के में 77 केंद्रों पर मतगणना होगी, जो पहले घोषित 87 और 2021 के 108 केंद्रों की तुलना में कम है. काउंटिंग सेंटर पर त्रिस्तरीय सुरक्षा इंतजाम हैं.
विधानसभा चुनाव (Election Result Today)
- बंगाल चुनाव - 294 सीटें - पहला चरण 93%, दूसरा चरण 90% वोट
- असम चुनाव - 126 सीटें - 86% वोटिंग
- केरलम चुनाव - 140 सीटें- 80 फीसदी
- तमिलनाडु चुनाव- 234 सीट- 85 फीसदी
- पुडुचेरी चुनाव - 30 सीटें - 91.23 प्रतिशत
भवानीपुर में ममता बनर्जी बनाम शुभेंदु अधिकारी
मतगणना स्थल पर चुनाव आयोग द्वारा जारी क्यूआर कोड आधारित फोटो पहचान पत्र से ही एंट्री होगी. चुनाव अधिकारी और पर्यवेक्षकों को छोड़कर कोई भी काउंटिंग सेंटर में मोबाइल नहीं ले जा सकेगा.कोलकाता के 11 विधानसभा सीटों के लिए काउंटिंग बालीगंज गवर्नमेंट हाई स्कूल, सखावत मेमोरियल स्कूल, नेताजी इंडोर स्टेडियम आंबेडकर एजुकेशन यूनिवर्सिटी और सेंट थॉमस बॉयज स्कूल में होगी. भवानीपुर विधानसभा सीट पर सीएम ममता बनर्जी का मुकाबला बीजेपी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी से है.
कांग्रेस, लेफ्ट भी मैदान में
बंगाल चुनाव में टीएमसी ने 291 सीटों पर प्रत्याशी उतारे और दार्जिलिंग में 3 सीटें भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (BGPM) को गठबंधन के तहत दी थीं. बीजेपी, कांग्रेस और वाम मोर्चा ने सभी 294 सीटों पर चुनाव लड़ा. हुमायूं कबीर की एजेयूपी और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने भी अपने उम्मीदवार उतारे. बीजेपी से दिलीप घोष, निशिथ प्रमाणिक, अग्निमित्रा पॉल, रूपा गांगुली जैसे नेता चुनाव लड़े हैं. टीएमसी प्रत्याशियों में फिरहाद हकीम, उदयन गुहा, कुणाल घोष, मदन मित्रा शामिल हैं.
केरलम में कांग्रेस को सबसे ज्यादा उम्मीदें
140 सीटों वाली केरल विधानसभा चुनाव में इस बार 10 सालों से सत्ता में काबिज वाम मोर्चा (एलडीएफ), कांग्रेस की अगुवाई वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए में त्रिकोणीय मुकाबला रहा. 9 अप्रैल को एक चरण के मतदान में करीब 80 फीसदी वोटिंग हुई. केरल में सुबह 8 बजे से 43 जगहों पर 140 मतगणना केंद्रों के जरिये काउंटिंग होगी.ज्यादातर एग्जिट पोल में यूडीएफ के सत्ता में लौटने और लेफ्ट के सरकार गंवाने के आसार दिख रहे हैं. बहुमत के 71 के आंकड़े से अधिक यूडीएफ को 80 से 85 सीटें मिलने के संकेत एग्जिट पोल ने दिए हैं. 2016 में नेमोम विधानसभा सीट जीतने वाली बीजेपी 2021 में शून्य पर रही, लेकिन इस बार एनडीए को 3 से 14 तक सीटों का अनुमान एग्जिट पोल में है. केरल में कुल पड़े वोटों में 1.36 फीसदी पोस्टल बैलेट हैं, जिनके परिणाम भी अहम हैं.
तमिलनाडु चुनाव परिणाम: क्या डीएमके पर भारी पड़ेंगे टीवीके
तमिलनाडु में भी 5 साल से सरकार चला रही द्रमुक-कांग्रेस गठबंधन के लिए आज अग्निपरीक्षा का दिन है. तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट के लिए 23 अप्रैल को करीब 85 फीसदी वोट पड़े थे. 62 मतगणना केंद्रों पर 234 सीटों के लिए आज मतगणना 8 बजे से होगी. सुबह 8:30 बजे ईवीएम खोली जाएंगी. राज्य में 1.25 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है. चुनाव आयोग ने 234 मतगणना पर्यवेक्षकों को तैनात किया है.
चुनाव में दो गठबंधनों का रहा है मुकाबला
चुनाव में डीएमके का सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस, एआईएडीएमके की अगुवाई वाला एनडीए, नाम तमिलर काची (एनटीके) और अभिनेता विजय की तमिलगा वेट्ट्रि कझगम (TVK) में मुख्य मुकाबले में थे. सवाल है कि DMK अगर बहुमत से दूर रहेगी और TVK किंगमेकर बनेंगे. जैसा कि कुछ एग्जिट पोल में एक्टर से राजनीतिक में उतरे विजय की पार्टी टीवीके के उलटफेर करने की संभावना जताई है. अगर डीएमके बहुमत के 118 के आंकड़े से दूर रहती है, तो बीजेपी-एआईएडीएमके और टीवीके के लिए विकल्प खुल सकते हैं.
असम विधानसभा चुनाव परिणाम: बीजेपी की हैट्रिक ?
असम विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए और कांग्रेस के गठबंधन के बीच माना जा रहा है. बदरुद्दीन अजमल की एआईयूडीएफ अलग चुनाव लड़ रही है. सभी एग्जिट पोल में भाजपा की हैट्रिक के साथ हिमंता बिस्वा सरमा की वापसी के संकेतों से पार्टी उत्साहित है. वहीं कांग्रेस फिर सत्ता से दूर नजर आ रही है. असम की 126 विधानसभा सीट पर 9 अप्रैल को वोटिंग हुई थी. 722 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का आज फैसला है. असम के 25 लाख से ज्यादा वोटर्स में से 85.96 प्रतिशत ने वोट डाला था.असम के 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर 126 विधानसभा सीटों के लिए ईवीएम खोली जाएंगी. प्रत्याशियों में 59 महिलाएं हैं. ईवीएम वाले स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 25 कंपनियां तैनात हैं. वोटिंग के दिन सुरक्षा में 85 असॉल्ट ग्रुप तैनात हैं.
असम में बीजेपी और कांग्रेस गठबंधनों का मुकाबला
असम चुनाव में 722 उम्मीदवारों में से कांग्रेस के सबसे अधिक 99 प्रत्याशी उतारे हैं. बीजेपी के 90, एआईयूडीएफ के 30, एनडीए की सहयोगी असम गण परिषद के 26 और बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के 11 उम्मीदवार मैदान में हैं. कांग्रेस के विपक्षी गठबंधन में रायजोर दल ने 13 सीट पर, असम जातीय परिषद ने 10 सीट पर, माकपा 3 सीट और ऑल पार्टी हिल लीडर्स कान्फ्रेंस ने दो सीट पर चुनाव लड़ा था. आप, तृणमूल कांग्रेस, झामुमो ने भी असम में चुनाव लड़ा था.
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव नतीजे भी आज
पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे आज 4 मई 2026 को आएंगे. NDA (AINRC और BJP) और SPA (कांग्रेस और DMK) के बीच कड़ा मुकाबला है.अभिनेता विजय की नई पार्टी TVK एक एक्स फैक्टर है, जो गठबंधनों के समीकरण बिगाड़ सकती है. 2021 विधानसभा चुनाव में यहां NDA सरकार बनी थी. पुडुचेरी के मुख्यमंत्री अभी एन रंगास्वामी हैं, जो अखिल भारतीय एनआर कांग्रेस के नेता हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं