- असम गण परिषद के नेता केशव महंत की बेटी नीट प्रोटेस्ट में हुईं थी शामिल
- वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद केशव को किया जा रहा था ट्रोल
- सीएम हिमंता ने कहा कि वह बेटी से बात करेंगे और उन्हें समझाने की कोशिश करेंगे
नीट पेपर लीक को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन में असम के मंत्री केशव महंत की बेटी के शामिल होने के वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का बयान सामने आया है. मुख्यमंत्री ने कहा, ''हो सकता है वो (कैबिनेट मंत्री की बेटी) अपने पिता की राजनीतिक विचारधारा को न मानती हों, इसके लिए मेरे कैबिनेट सहयोगी को ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए.''
दरअसल, बीते गुरुवार को नीट पेपर लीक और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में असम गण परिषद (AGP) के नेता केशब महंत की बेटी दिबिसा भी शामिल हुईं थीं. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया था.
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि हमें केशव महंता की बेटी के विरोध प्रदर्शन के लिए उन पर हमला करना चाहिए या उन्हें ट्रोल करना चाहिए. हो सकता है कि वह अपने पिता की राजनीतिक विचारधारा को न मानती हों. कल जब मेरा बेटा वकालत करेगा, तो हो सकता है कि वह किसी ऐसे व्यक्ति का बचाव करे जिसे मैं पसंद न करता हूं." उन्होंने कहा कि जब बच्चे बड़े हो जाते हैं, तो उनके कामों को उनके माता-पिता से नहीं जोड़ा जाना चाहिए.
सीएम ने कहा- मैं उनसे बात करूंगा
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं उनके लगाए गए नारों से सहमत नहीं हूं. जब मैं उनसे अगली बार मिलूंगा, तो निश्चित रूप से इस बारे में बात करूंगा और उन्हें समझाने की कोशिश करूंगा कि उन्होंने जो कहा, वह सही नहीं था." फिलहाल, असम के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री केशव महंता से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.
यह भी पढ़ें- पिता असम के मंत्री, बेटी GenZ आंदोलन में शामिल; क्यों चर्चा में आई दिबिशा महंता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं