- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को जान से मारने की धमकी मिली है.
- सीएम को यह धमकी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए मिली है.
- पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और पूछताछ की जा रही है.
असम के मुख्यमंत्री हिमंंत बिस्वा सरमा को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है. गुवाहाटी के खानापारा में स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) समारोह के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के फेसबुक लाइव प्रसारण के दौरान एक यूजर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दे दी. आरोपी ने अपनी पोस्ट में 1 करोड़ रुपये के बदले में मुख्यमंत्री की हत्या करने का ऑफर जारी किया. इस दौरान, उसने संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी जारी किया.
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई...
मामला सामने आते ही मोरीगांव जिले की भूरागांव पुलिस ने मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट को ट्रैक करते हुए मुख्य आरोपी अब्दुल मुतालेब को गिरफ्तार कर लिया, जो पेशे से दर्जी है. इसके अलावा, पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पूछताछ के लिए आरोपी के पिता अब्दुल खालेक, बड़े भाई अबू तालेब और रशीदुल इस्लाम नाम के शख्स को बारालीमारी से हिरासत में लिया है.
फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और डिजिटल सबूतों और मोबाइल डेटा को खंगाल रही है, जिससे यह पूरी तरह स्पष्ट हो सके कि यह पोस्ट मुतालेब ने खुद की थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है.
यह घटना तब हुई, जब मुख्यमंत्री शुक्रवार को गुवाहाटी के खानापारा वेटनरी और एग्रीकल्चरल फील्ड में स्वतंत्रता दिवस पर भाषण दे रहे थे. कार्यक्रम के दौरान सरमा ने राज्य सरकार की विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं और असम के भविष्य के बारे में विस्तार से बात की थी.
सोशल मीडिया पर मिली कथित धमकी की जांच चल रही है और पुलिस इस मामले से जुड़े डिजिटल सबूतों और दूसरी जानकारियों की पुष्टि करेगी.
ये भी पढ़ें: 'जेन Z' और 'जेन अल्फा' जैसे लेबल यूरोपीय अवधारणाएं... असम के युवा हमारे अपने बच्चे हैं': CM हिमंत बिस्वा सरमा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं