विज्ञापन

चुनाव आयोग पर आरोप हैं तो सबूत भी दें, सड़कछाप राजनीति छोड़ें राहुल गांधी: अनुराग ठाकुर

राहुल गांधी को अपने आरोपों के समर्थन में सबूत देने होंगे और उनके दावों की निष्पक्ष जांच होने देनी चाहिए. लोकतंत्र में केवल सत्तापक्ष ही नहीं, बल्कि विपक्ष की भी जवाबदेही होती है.

चुनाव आयोग पर आरोप हैं तो सबूत भी दें, सड़कछाप राजनीति छोड़ें राहुल गांधी: अनुराग ठाकुर
राहुल गांधी के प्रदर्शन पर बीजेपी ने उन पर हमला बोला है.

चुनाव आयोग, SIR प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी और विपक्ष के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है. पार्टी की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनुराग ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोपों के समर्थन में विपक्ष को सबूत देने चाहिए. उन्होंने राहुल गांधी पर बिना प्रमाण के आरोप लगाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करने का आरोप लगाया.

अनुराग ठाकुर ने कहा "अब स्थिति यह हो गई है कि राहुल गांधी सार्वजनिक जीवन में भी सड़क छाप भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं. देश को आरोप नहीं बल्कि सच और सबूत चाहिए. वे राष्ट्रपति के पास गए तो वहां भी उनसे सबूत मांगे गए. जब वे सुप्रीम कोर्ट पहुंचे तो अदालत ने कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और यदि कोई शिकायत है तो उसके लिए उचित याचिका दायर करनी होगी.

राहुल गांधी कई बार अदालतों में अपनी बात रख चुके हैं. अदालत में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन ऐसा लगता है कि राहुल गांधी खुद को नियम और कानून से ऊपर मानते हैं. कांग्रेस पार्टी देश को अपनी जागीर समझती है.

राहुल गांधी जिस संविधान की प्रति हाथ में लेकर चलते हैं, उसी संविधान को लोकतंत्र के कठिन दौर में बचाने का काम देश की जनता ने किया था. जिस पार्टी पर आपातकाल लगाने, लोगों को जेलों में डालने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोप लगते रहे हों, वह आज चुनावी धांधली की बात कर रही है.

आप लोग वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगाते हैं. EVM पर सवाल उठाते हैं और बैलेट पेपर की वापसी की मांग करते हैं. सच्चाई यह है कि बैलेट पेपर के दौर में बूथ कैप्चरिंग और चुनावी गड़बड़ियों की शिकायतें आम थीं. कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए बूथ लूटने की राजनीति करती थी."

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा "आपने कहा था कि मैं सबूत दूंगा, लेकिन क्या आपने अब तक कोई सबूत दिया है? यदि आप चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहे हैं तो आपको उसके समर्थन में ठोस प्रमाण भी देने होंगे. पूरे देश के आंकड़े सामने रखिए और बताइए कि कहां-कहां कथित गड़बड़ी हुई है. यदि चुनाव जीत जाएं तो लोकतंत्र मजबूत बताया जाता है और हार जाएं तो वोट चोरी तथा धांधली के आरोप लगाए जाते हैं.

विपक्ष को अपने दावों के समर्थन में प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए. राहुल गांधी को भी बिना सबूत के आरोप लगाने और सड़कछाप राजनीति करने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए." 

यह भी पढ़ें- आखिर धरना स्थल से बाहर कैसे हो गया जंतर-मंतर, 3 दिन में फैसला, पूरी कहानी यहां जानें

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Anurag Thakur, Election Commission
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com