विज्ञापन

रिश्ते तोड़ने में तल्खी नहीं चाहते अन्नामलाई, तमिलनाडु के नेता ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात

Annamalai News: तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने पार्टी छोड़ने का संकेत दिया है. वो जन आंदोलन छेड़ने के साथ नई पार्टी बना सकते हैं. उन्होंने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की है.

रिश्ते तोड़ने में तल्खी नहीं चाहते अन्नामलाई, तमिलनाडु के नेता ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात
Annamalai BJP Tamil Nadu: अन्नमलाई बीजेपी अध्यक्ष से मिले
नई दिल्ली:

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा में बड़ी सियासी उथलपुथल देखने को मिल रही है. पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने पार्टी से नाता तोड़ने का संकेत दिया है. अन्नामलाई ने मंगलवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की.  हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व अभी भी अन्नामलाई को संगठन में बने रहने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा है. हालांकि ऐसा लगता है कि अब उन्होंने अपना मन बना लिया है.सूत्रों का कहना है कि अन्नामलाई पहले जन आंदोलन शुरू करेंगे और फिर बाद में पार्टी बनाएंगे.

BJP से राहें अलग होने के कयास

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा और अन्नामलाई की राहें जुदा होने पर क्या मुहर लग गई है? तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष ने मंगलवार सुबह बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन सचिव बीएल संतोष से मुलाकात की. अन्नामलाई की भाजपा से विदाई के कयासों के बीच इस सियासी भेंट को बेहद अहम माना जा रहा है. एनडीटीवी को सूत्रों से पता चला है कि अन्नामलाई ने पार्टी के शीर्ष नेताओं से कहा है कि अब वह अपना रास्ता खुद तय करना चाहते हैं और सौहार्दपूर्ण तरीके से अलग होना चाहते हैं.

राज्यसभा सांसद बनने की पेशकश ठुकराई

एनडीटीवी को मिली जानकारी के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व अभी अन्नामलाई को मनाने और अलगाव से रोकने की कोशिश कर रहा है, लेकिन सूत्रों की मानें तो उन्होंने अपना मन बना लिया है.आईपीएस अफसर की नौकरी छोड़ नेता बने अन्नामलाई के करीबी सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि उन्हें भाजपा में अपना कोई भविष्य नजर नहीं आता. अन्नामलाई को राज्यसभा सांसद बनाने की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया.

ये भी पढ़ें - तमिलनाडु में नया आंदोलन शुरू करेंगे BJP नेता अन्नामलाई, बनाएंगे मजबूत वालंटियर बेस

जन आंदोलन छेड़ेंगे अन्नामलाई 

सूत्रों का कहना है कि अन्नामलाई पहले एक सड़क पर अपनी जनयात्रा शुरू करेंगे और फिर बाद में एक पार्टी बनाएंगे. सूत्रों का कहना है कि इस मुहिम का मकसद समान विचारधारा वाले लोगों को जोड़ना और एक मजबूत नेटवर्क बनाना है.समर्थकों को उम्मीद है कि यह जन आंदोलन बड़े पैमाने पर समर्थन जुटा पाएगा. पेशेवर और सिविल सोसायटी के वॉलंटियर को आकर्षित करने का प्रयास करेगा.अन्नामलाई पहले ही वी द लीडर्स नाम के एक गैर सरकारी संगठन को चला रहे हैं. ये उनकी नई सियासी पारी की रीढ़ बन सकता है. 

तमिलनाडु विधानसभा उपचुनाव लड़ने की तैयारी

सूत्रों के अनुसार, नई पार्टी बनाकर वो तमिलनाडु में आगामी विधानसभा उपचुनाव लड़ सकता है. यह उनकी निजी लोकप्रियता और संगठनात्मक ताकत का पैमाना होगा. अन्नामलाई की ये मुहिम तमिल पॉलिटिक्स में नया लिटमस टेस्ट होगी, क्योंकि विधानसभा चुनाव में डीएमके-एआईएडीएमके की दो ध्रुवीय राजनीति के लंबे पैटर्न को तोड़ दिया है. थलपति विजय की पार्टी टीवीके ने बंपर जीत हासिल की है. तमिलनाडु चुनाव में भाजपा को 234 सदस्यों वाली विधानसभा में केवल एक सीट मिली थी.

ये भी पढ़ें - कभी पार्टी के पोस्टर बॉय रहे, अब हुए साइडलाइन... तमिलनाडु चुनाव में अन्नामलाई की गैरमौजूदगी ने BJP की रणनीति पर उठाए बड़े सवाल

लोकप्रिय नेता हैं अन्नामलाई

अन्नामलाई की अगुवाई में तमिलनाडु में भाजपा की लोकप्रियता काफी ऊंचाई पर पहुंची, जबकि पारंपरिक तौर पर यहां द्रविड़ दलों का वर्चस्व रहा है. आक्रामक प्रचार, जमीनी दौरे और सोशल मीडिया के जरिये अन्नामलाई ने भाजपा संगठन के विस्तार में मदद की और एक मजबूत जनसमर्थन भी अपने लिए हासिल किया. 

एआईएडीएमके के साथ चुनाव लड़ने के पक्षधर नहीं थे

अन्नामलाई तमिलनाडु में बीजेपी के स्वतंत्र रूप से विधानसभा चुनाव लड़ने के पक्ष में थे. उनका मानना ​​था कि भाजपा ने जो समर्थन हासिल किया है, उसका उन्हें लाभ मिलेगा. हालांकि भाजपा नेतृत्व ने एआईएडीएमके के साथ अपने गठबंधन को पुनर्जीवित किया. सत्तारूढ़ डीएमके के खिलाफ विपक्षी वोटों को एकजुट करने में कामयाबी नहीं मिली. तमिलनाडु भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन की मांग को लेकर एआईएडीएमके के दबाव के बाद गठबंधन की वापसी हुई. अन्नामलाई को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया. अन्नामलाई ने न तो 2026 का विधानसभा चुनाव लड़ा और न ही भाजपा के चुनाव प्रचार में कोई प्रमुख भूमिका निभाई.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com