- बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी बड़ी जीत के साथ सरकार बनाती दिख रही है
- गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य के कार्यकर्ताओं के लिए एक बड़ा लक्ष्य तय किया था
- पिछले 15 साल से सत्ता में रही टीएमसी का सबसे खराब प्रदर्शन
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे इस बार चौंकाने वाले रहे हैं. ममता बनर्जी का गढ़ कहे जाने वाले इलाकों में भी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जोरदार प्रदर्शन किया है. खास बात ये है कि पार्टी ने गृह मंत्री अमित शाह के मिशन 200 के टारगेट को लगभग पूरा कर लिया है. पार्टी राज्य में रुझानों में 190 सीटों पर आगे है.
मिशन 200 का लक्ष्य होगा पूरा
2021 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी 77 सीटों पर चुनाव जीती थी. लेकिन इस बार बीजेपी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए न केवल अपनी सीटों का आंकड़ा बहुमत के पार करती दिख रही है बल्कि वोट प्रतिशत के मामले में भी भगवा दल ममता बनर्जी की टीएमसी पर भारी पड़ती दिख रही है.
बिहार चुनाव के बाद ही बंगाल चुनाव की तैयारी
बिहार चुनाव के बाद ही बीजेपी ने मिशन बंगाल को शुरू कर दिया था. बिहार में चुनावी जीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि अब पार्टी का लक्ष्य बंगाल जीतना है. रुझानों में बीजेपी पहली बार राज्य में सत्ता बनाती दिख रही है. गौर करने वाली बात ये है कि 2016 के चुनाव में बीजेपी को केवल 3 सीटें मिली थीं. आज पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ चुनाव जीतती नजर आ रही है.
गृह मंत्री अमित शाह का दावा सच
गृह मंत्री अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि इस बार दीदी ममता बनर्जी जाने वाली हैं. उन्होंने पहले चरण की वोटिंग के बाद दावा किया था कि पार्टी को 110 सीटें मिल रही हैं. ये दावा भी उनका लगभग सही होता दिख रही है क्योंकि पार्टी राज्य में एक बड़ी जीत की तरफ बढ़ रही है.
टीएमसी को तगड़ा झटका
टीएमसी पिछले 15 साल से बंगाल की सत्ता में है. राज्य में लेफ्ट राज के खात्मे के बाद ममता ने सत्ता की कमान संभाली थी. इस बार पार्टी को राज्य की जनता ने तगड़ा झटका दिया है. दूसरी तरफ बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने अमित शाह के मिशन को पूरा किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं