विज्ञापन

क्या है 'अकेला मुजाहिद' वाली गाइड, जिससे चल रही थी गुजरात में जैश के आतंकियों की 'पाठशाला'

यह भी जानकारी मिली है कि 2023 से फरवरी 2026 तक इन लोगों ने 8 अलग-अलग लोकेशंस का दौरा किया था. यहां इन लोगों ने बम बनाने के मेकेनिज्म को समझा था और कैसे विस्फोट किया जा सकता है.

क्या है 'अकेला मुजाहिद' वाली गाइड, जिससे चल रही थी गुजरात में जैश के आतंकियों की 'पाठशाला'
  • एटीएस ने पाटन जिले के खडियाल गांव से जैश-ए-मोहम्मद के पांच संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया
  • आरोपियों ने स्थानीय मस्जिद में आईईडी बनाना सीखा और एक सफल बम धमाका कर परीक्षण भी किया था
  • गिरफ्तार आतंकियों के पास अकेला मुजाहिद जिहाद कैसे करे नामक बुकलेट और मसूद अजहर के भाषणों वाली पेन ड्राइव मिली
अहमदाबाद:

गुजरात एटीएस ने जैश मॉड्यूल के जिन 5 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है, उन्हें लेकर सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. इन लोगों को पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका के खडियाल गांव से पकड़ा गया. अधिकारियों ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किए गए जैश-ए-मोहम्मद के आठ कथित सदस्यों से पूछताछ के दौरान इन 5 लोगों के नाम सामने आए थे. इसके बाद एटीएस ने फिर ऐक्शन लिया और इन लोगों को गिरफ्तार किया गया. जानकारी मिली है कि ये लोग एक स्थानीय मस्जिद में जुटे थे. यहां ये आईईडी बनाना सीख रहे थे और उसका एक सफल परीक्षण भी किया था यानी बम धमाका करके भी देखा था.  

आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला है कि ये लोग जामिया अबुल हसन मदरसा में रह रहे थे. यही नहीं 2023 के बाद से ही ये लगातार बम बनाने की तैयारी में जुटे थे. इनकी कोशिश यही थी कि बम बनाने की एक तकनीक विकसित कर ली जाए. यही नहीं इसके लिए इनकी बाकायदा ट्रेनिंग थी और इस मॉड्यूल को एक बुकलेट भी मुहैया कराई गई थी. इस बुकलेट का शीर्षक था- अकेला मुजाहिद जिहाद कैसे करे. इसके अलावा भी कुछ सामग्री इनके पास थी. इन लोगों को ये सामग्री दी गई थी और कहा गया था कि इसका अध्ययन करें. इसके अलावा संदिग्ध आतंकियों में से एक मोहम्मद आमीन शेरा अकसर जिहाद की बातें करता था और तकरीरें करता था. 

इन लोगों के बारे में यह भी जानकारी मिली है कि 2023 से फरवरी 2026 तक इन लोगों ने 8 अलग-अलग लोकेशंस का दौरा किया था. यहां इन लोगों ने बम बनाने के मेकेनिज्म को समझा था और कैसे विस्फोट किया जा सकता है. इसका रिहर्सल किया था. इसके अलावा इन लोगों ने गनपाउडर तैयार करने के लिए कुछ सामग्री ऑनलाइन ही खरीदी थी. कुछ सामान स्थानीय बाजारों से भी खरीदा गया था. जांच के दौरान मोहम्मद आमिन शेरा के पास से IED तैयार करने में इस्तेमाल हुई सामग्री को भी बरामद किया गया. 

यह भी पढ़ें: बम बनाने का ट्रायल, बड़े हमले की तैयारी... जैश टेरर मॉड्यूल की खतरनाक थी साजिश

इन लोगों के पास से जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के भाषणों वाली पेन ड्राइव भी मिली है. इसके अलावा ये लोग अकसर ही कट्टरपंथियों और आतंकी सरगनाओं की स्पीच सुना करते थे. जांच में पता चला है कि मोहम्मद अयूब कादिवाला और उसके मोहम्मद आमिन शेरा, अहमद गाजीवाला, जकारिया घाघा समेत 5 लोग एक मस्जिद में जुटे थे. यहां ये लोग आईईडी तैयार करना सीख रहे थे. ट्रायल के तौर पर इन लोगों ने एक ब्लास्ट भी किया था. इन सभी आरोपियों को 'अकेला मुजाहिद जिहाद कैसे करे' नाम की बुकलेट दी गई थी. ये लोग मदरसे के अन्य छात्रों को भी इसी के जरिए जिहाद से जोड़ना चाहते थे. इसके लिए इन लोगों ने तीन दावत की थी. 

अब तक गिरफ्तार 13 संदिग्धों के नाम

पहले गिरफ्तार 8 आरोपी

1. अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू उबैदा
2. इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा उर्फ अबू हमजा
3. मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू आया
4. जकारिया दुर्रानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ इब्न अम्मार
5. मुफ्ती फौजान इस्माइल दौवा उर्फ मुफ्ती साब
6. मोहम्मद अमीन शेरा उर्फ अमीन पालनपुरी
7. मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी उर्फ अबू उनेसा
8. बिलाल दुर्रानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना

गुरुवार को गिरफ्तार 5 आरोपी

1. बिलाल आबिदभाई शेरा
2. मोहम्मद अय्यूब कादीवाला
3. मोहम्मद अय्यूबभाई सुनसारा उर्फ मोहम्मद खली
4. शफी रईस मुखी उर्फ शफी छापी
5. मोहम्मद हसन हनीफभाई करड़िया उर्फ हसन हैदरपुरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gujarat News, Gujarat News In Hindi, Jaish E Mohammad, Jaish E Mohammad Chief Masood Azhar, India News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com