- एयर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI2802 में इंजन से चिंगारी निकलने पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई
- विमान सुरक्षित उतरा और सभी यात्री तथा चालक दल के सदस्य बिना किसी चोट के सुरक्षित हैं
- इससे पहले दिन में दिल्ली से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट AI2651 की लैंडिंग के दौरान टेल स्ट्राइक हुई थी
एयर इंडिया की एक बेंगलुरु-दिल्ली फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. विमान जब हवा में था तभी इंजन से चिंगारी उठती हुआ दिखाई दी. इसके बाद उसे तुरंत आपातकालीन स्थिति में जमीन पर उतारा गया. हालांकि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं. किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है.
विमान के इंजन में आग की घटना को लेकर एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, "हमें 21 मई 2026 को बेंगलुरु से दिल्ली जा रही फ्लाइट AI2802 में हुई घटना की जानकारी मिली है. विमान सुरक्षित उतर गया है और सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं. हम फिलहाल अतिरिक्त जानकारी जुटा रहे हैं और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं. अधिक जानकारी उपलब्ध होते ही आगे की अपडेट साझा की जाएगी."

घटना के बाद फ्लाइट को जांच के लिए रोका गया. एयर इंडिया ने कहा कि मामले की जांच निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार की जाएगी. विमान के उड़ान भरने में असमर्थ होने के कारण बेंगलुरु से दिल्ली जाने वाली वापसी उड़ान एआई2652 रद्द कर दी गई. एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं.
इसे भी पढ़ें: लैंडिंग के दौरान एअर इंडिया की फ्लाइट में ‘टेल-स्ट्राइक', दिल्ली से बेंगलुरु जा रही थी फ्लाइट
बता दें कि नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हाल में कहा कि अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच अंतिम चरण में है, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी. एक महीने के भीतर जांच पूरी होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि यह जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) द्वारा की जा रही है और हम इसमें हस्तक्षेप नहीं करते हैं. हम उन्हें सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहे हैं.
जांच में पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर देते हुए नायडू ने कहा कि अंतिम रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय जांच के अधीन होगी, क्योंकि दुर्घटनाग्रस्त विमान में विदेशी नागरिक भी सवार थे. एएआईबी ने 12 जुलाई 2025 को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी थी.

पीड़ितों के कुछ परिवारों द्वारा एयरलाइन से संचार की कमी और मुआवजे में देरी के संबंध में उठाई गई चिंताओं का जवाब देते हुए नायडू ने कहा कि मंत्रालय स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और एयर इंडिया के साथ संपर्क में है.
यह दुखद दुर्घटना 12 जून 2025 को हुई थी, जब एयर इंडिया की फ्लाइट एआई 171 के रूप में संचालित बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे 23 से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरी थी.
इसे भी पढ़ें: ईंधन महंगा, उड़ानें रद्द... एयर इंडिया ने जून से कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स रोकीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं