विज्ञापन
This Article is From Mar 21, 2024

AIDMK ने उम्मीदवारों की घोषणा की, जयललिता के खिलाफ चुनाव लड़ने वाली वकील को भी टिकट

पलानीस्वामी ने 20 मार्च को जारी पहली सूची में 16 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी. राज्य की 39 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को चुनाव होंगे.

AIDMK ने उम्मीदवारों की घोषणा की, जयललिता के खिलाफ चुनाव लड़ने वाली वकील को भी टिकट
अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी ने जी प्रेमकुमार को श्रीपेरुमबुदूर लोकसभा सीट से और एस पशुपति को वेल्लोर सीट से अपनी पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है.
चेन्नई:

तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (AIDMK) ने बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव के लिए 16 उम्मीदवारों की अपनी अंतिम सूची जारी की. उम्मीदवारों में एक महिला वकील भी शामिल हैं, जिन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जे जयललिता के खिलाफ द्रमुक में रहते हुए चुनाव लड़ा था, लेकिन जीतने में असफल रही थीं. अन्नाद्रमुक की नवीनतम सूची में तीन उम्मीदवार चिकित्सक हैं. अन्नाद्रमुक ने लोकसभा चुनाव के लिए कुल पांच चिकित्सकों को उम्मीदवार बनाया है.

प्रत्याशियों के नाम तय करने और सहयोगियों को सीटें आवंटित करने की कवायद अन्नाद्रमुक ने पूरी कर ली है और पार्टी प्रमुख ए के पलानीस्वामी 24 मार्च को तिरुचिरापल्ली से अपना चुनाव अभियान शुरू करेंगे. अन्नाद्रमुक कुल 32 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उसने सहयोगी देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कषगम (डीएमडीके), पुतिया तमिझगम और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) को सात निर्वाचन क्षेत्र आवंटित किए हैं. तमिलनाडु में 39 लोकसभा क्षेत्र हैं.

तिरुनेलवेली लोकसभा सीट के लिए पलानीस्वामी ने शिमला मुथुचोजन को उम्मीदवार बनाया है. शिमला मुथुचोजन पहले द्रमुक में थीं. उन्होंने 2016 में आरके नगर विधानसभा क्षेत्र से दिवंगत जे जयललिता के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन चुनाव हार गयी थीं. पेशे से वकील मुथुचोजन लोकसभा चुनाव के लिए अन्नाद्रमुक द्वारा घोषित एकमात्र महिला उम्मीदवार हैं. अन्नाद्रमुक ने मुथुचोज़न सहित पांच वकीलों को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है.

21 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी DMK
सत्तारूढ़ दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) 21 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिनमें से उसने तीन सीटों पर महिलाओं को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है. इनमें कनिमोई (थूथुकुडी), तमिझाची थंगापांडियन (दक्षिण चेन्नई) और रानी श्री कुमार (तेनकासी-आरक्षित) शामिल हैं. अन्नाद्रमुक प्रमुख पलानीस्वामी ने जी प्रेमकुमार को श्रीपेरुमबुदूर लोकसभा सीट से और एस पशुपति को वेल्लोर सीट से अपनी पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है. पार्टी के दोनों उम्मीदवार चिकित्सक हैं.

सत्तारूढ़ दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने क्रमशः श्रीपेरुमबुदूर और वेल्लोर निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अनुभवी नेता टी आर बालू और कथिर आनंद को नामित किया है. कथिर आनंद शीर्ष नेता और जल संसाधन मंत्री दुरईमुरुगन के बेटे हैं. अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता ने क्रमशः पुडुचेरी लोकसभा सीट और विलावनकोड विधानसभा सीट के लिए जी तमिज़वेंदन और यू रानी को नामित किया.

39 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को चुनाव
विलावनकोड सीट पर उपचुनाव 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के साथ होगा। यह सीट विजयधरानी के इस्तीफे के कारण खाली हुई थी. विजयधरानी विधायक पद छोड़ने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं थी. श्रीपेरुमबुदूर और वेल्लोर के अलावा पलानीस्वामी ने धर्मपुरी, तिरुवन्नामलाई, कल्लाकुरिची, तिरुपुर, नीलगिरी (एससी), कोयंबटूर, पोलाची, तिरुचिरापल्ली, पेरम्बलुर, मयिलादुथुराई, शिवगंगा, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्नियाकुमारी लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की. पलानीस्वामी ने 20 मार्च को जारी पहली सूची में 16 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी. राज्य की 39 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को चुनाव होंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tamilnadu, Lok Sabha Election 2024, AIDMK Candidates
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com